शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बनाए जाने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चलाएं।
ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके। इसी तरह से कालिंदी कुंज मार्ग के निर्माण की गति को बढ़ाएं। यह दोनों परियोजना केंद्र से जुड़ी हुई हैं। दोनों को समय पर तैयार करना जरूरी है।
ढेसी बृहस्पतिवार को सेक्टर-12 लघु सचिवालय में जिले में चली विकास परियोजना को लेकर एजेंसी और अधिकारियों की तीसरी अंतर एजेंसी समन्वय समिति की बैठक समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में मंडलायुक्त संजय जून, उपायुक्त विक्रम सिंह, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी के डिप्टी सीईओ अमित मान, अतिरिक्त सीईओ एफएमडीए गौरी मिड्ढा, सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद थे।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि कालिंदी कुंज मार्ग पर एक किलोमीटर लंबे खंड के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) प्रस्तावित कर दी गई है, जिससे परियोजना को जल्द ही कार्यान्वयन स्तर पर लाया जा सके। एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। ढेसी ने एफएमडीए को निर्देश दिए कि वह सड़कों से संबंधित संरचना विकास कार्यों के लिए अनुमान एस्टीमेट अभी तैयार करें। ताकि आगामी वित्त वर्ष इन प्रस्तावों को हाई परचेज समिति से पारित कराया जा सके। कार्यों को मंजूरी मिलते ही जल्द कार्य पूरा कराया जा सके।