ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी के पास विकसित किए जा रहे मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब में सड़क मार्ग से पहुंचना काफी सुगम होगा। इसके लिए 60 मीटर चौड़े पेरिफेरल रोड का निर्माण किया जाएगा, जिसे 105 मीटर चौड़े रोड से जोड़ा जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर काम शुरू कराने की तैयारी कर ली है।
पेरिफेरल सड़क के एक हिस्से का काम पहले से चल रहा है। ट्रांसपोर्ट हब को ग्रेटर नोएडा की 105 मीटर चौड़ी प्रमुख सड़क से जोड़ने के लिए इसी मार्ग पर स्थित जुनपत पुलिस चौकी के पास से थापखेड़ा गोलचक्कर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी पेरिफेरल सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 18 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सितंबर माह में काम शुरू होने की उम्मीद है। वहीं ट्रांसपोर्ट हब के दूसरी तरफ पाली रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) से थापखेड़ा तक 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। पेरिफेरिल सड़क की कुल लंबाई लगभग साढ़े तीन किलोमीटर होगी।
भविष्य में यह सेक्टर दादरी जीटी रोड और नोएडा एयरपोर्ट से सीधे जुड़ जाएगा। बता दें कि 105 और 130 मीटर चौड़ी सड़क प्राधिकरण दफ्तर के पास जैतपुर वैशपुर गोलचक्कर पर जुड़ती है। 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार यमुना प्राधिकरण क्षेत्र तक किया जाना है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत बोड़ाकी गांव के पास 358 एकड़ में मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब विकसित किया जा रहा है।
एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, “दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित किए जा रहे मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब को 105 चौड़ी सड़क से जोड़ने के लिए पेरिफेरल सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। कार्ययोजना तैयार कर टेंडर जारी कर दिया गया है। पेरिफेरल सड़क के एक हिस्से का काम चल रहा है। इससे सेक्टर में आवाजाही आसान हो जाएगी। ट्रांसपोर्ट को 130 मीटर चौड़ी सड़क सहित सभी प्रमुख मार्गों से जोड़ा जाएगा।”