बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक 2 रूटों पर चलेंगी डबल डेकर AC बसें, गांवों को भी राहत

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर न होने को लेकर आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ की ओर से चलाए गए अभियान का असर दिखने लगा है। रोडवेज विभाग अगले महीने से नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और परी चौक रूट पर डबल डेकर एसी बसें चलाना शुरू कर देगा |

नवरात्रि से नोएडा डिपो से गांवों के लिए 10 मिनी बसें भी चलनी शुरू हो जाएंगी। रोडवेज की ओर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच काफी समय से डबल डेकर एसी बसें चलाई जानी प्रस्तावित थीं। अब रोडवेज के अधिकारियों ने निर्णय लिया है कि अगले महीने दिवाली के आसपास बसों को चलाना शुरू कर दिया जाएगा।

ये बसें दो रूट पर चलाई जाएंगी। पहला रूट सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के किसान चौक तक और दूसरा रूट बॉटेनिकल गार्डन से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए परी चौक तक होगा। इन बसों के चलने से सबसे ज्यादा फायदा नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट पर आने- जाने वालों को होगा। अभी तक इस रूट पर एक भी बस नहीं चल रही।

बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 रूट को पिछले महीने पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) से अनुमति मिल गई थी। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) के अधिकारियों का कहना है कि इस रूट को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब सिर्फ कैबिनेट से मंजूरी मिलनी बाकी है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि अगले महीने इस रूट को केंद्र से मंजूरी मिल जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो चलाई जानी प्रस्तावित है। इस रूट को अक्टूबर में ही पीआईबी से अनुमति मिलने की भी संभावना है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 500 ई-बसें चलाई जानी प्रस्तावित हैं। इनमें से 300 बसें नोएडा क्षेत्र में चलेंगी। तीनों प्राधिकरण पहले चरण में 500 के बजाए 100 बसें चलाने की तैयारी कर रहे हैं। इनमें से करीब 50-60 बसें नोएडा, 15 से 20 बसें ग्रेटर नोएडा और बाकी बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चलाई जाएंगी। तीनों प्राधिकरण सबसे पहले अधिक व्यस्त रूट पर बसें चलाएंगे। इसके लिए जल्द सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा।

महेंद्र प्रसाद, कार्यकारी निदेशक, एनएमआरसी, ‘सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो रूट को अगले महीने तक केंद्र से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट पर चलने वाली मेट्रो को लेकर भी केंद्र से बातचीत चल रही है।

मनोज कुमार, आरएम, रोडवेज, “अगले महीने दिवाली के आसपास एसी डबल डेकर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीण रूट पर 10 मिनी बसें जल्द शुरू हो जाएंगी।

Join The Discussion

Compare listings

Compare