ग्रेटर नोएडा में बस-वे का काम जनवरी तक पूरा होगा,अब जाम से मिलेगी निजात

ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ बस-वे का काम अगले वर्ष जनवरी तक पूरा हो जाएगा। अब तक 15 किलोमीटर में बस-वे का काम पूरा हो गया है। इसके तैयार होने पर यह सड़क 12 लेन की हो जाएगी। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर बस-वे का काम चल रहा है। लगभग 27 किलोमीटर में निर्माण जारी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति से रोजा गोलचक्कर तक, रोजा से मिलक गोलचक्कर और मिलक से सैनी गोलचक्कर तक तिलपता से नोएडा की तरफ जाने वाली लेन पर काम चल रहा है। वहीं, सुपरटेक जार सोसाइटी के पास से डाढ़ा तक और प्राधिकरण दफ्तर के समीप स्थित गोलचक्कर (105 मीटर सड़क पर ) से सेक्टर पाई गोलचक्कर तक दोनों तरफ बस-वे का निर्माण चल रहा है।

वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में जरूरत वाले स्थानों पर 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ 10.5 मीटर चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। यह काम जनवरी तक पूरा कर लिया ‘जाएगा। कार्यदायी संस्थाओं को समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बाकी हिस्से की योजना बाद में बनाई जाएगी।

ई-बसों के संचालन की तैयारी
नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर के सभी शहरों से ई-बसों का संचालन किया जाएगा। गाजियाबाद और मेरठ की तरफ से आने वाली बसें 130 मीटर चौड़ी सड़क से होकर गुजरेंगी। एयरपोर्ट जाने वाली बसें बिना किसी रुकावट के दौड़ सकें, इसके लिए प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने के साथ बस-वे का निर्माण हो रहा है। 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार कर एयरपोर्ट और यमुना सिटी को जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare