मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कामकाज की प्रगति का गुरुवार को जायजा लेंगे। वह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद नोएडा के सेक्टर-50 में बने एक निजी अस्पताल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है। अब तक तैयारी थी कि गाजियाबाद के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री जेवर एयरपोर्ट के कामकाज का जायजा लेने जाएंगे। इसके बाद नोएडा पहुंचकर सेक्टर-50 में बने मेदांता अस्पताल का शुभारंभ करेंगे।
यहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीएससी रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड का आधिकारिक रूप से उद्घाटन करने जाएंगे और फिर सेक्टर-38 स्थित गोल्फ कोर्स में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। कार्यक्रमों में बदलाव: अब कार्यक्रम में बदलावों के अनुसार मुख्यमंत्री गाजियाबाद के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट के कामकाज का जायजा लेने जाएंगे।
फिर नोएडा में अस्पताल का शुभारंभ करेंगे और यहां से गाजियाबाद के हिंडन की ओर लौट जाएंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के हाथों अब भंगेल एलिवेटेड रोड का आधिकारिक शुभारंभ संभवत: नहीं होगा। करीब ढाई महीने से प्राधिकरण मुख्यमंत्री से एलिवेटेड रोड का उद्घाटन कराने के प्रयास में जुटा है। इस दौरान मुख्यमंत्री तीन बार जिले में भी आए, लेकिन मौका नहीं मिल सका। हालांकि, लोगों की मांग और किसानों की चेतावनी के बाद प्राधिकरण एक सप्ताह पहले ही परीक्षण के तौर पर भंगेल एलिवेटेड रोड को खोल चुका है। अब वाहन चालक बिना जाम में फंसे नोएडा के सेक्टर-37 से फेज टू की ओर आ-जा रहे हैं।
निर्माण कार्य पूरा हो चुका
एयरपोर्ट का प्रथम चरण के तहत 1334 हेक्टेयर में चल रहा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनमें रनवे, टैक्सीवे, टर्मिनल व पार्किंग समेत अन्य सुविधा शामिल हैं। बैगेज हैंडलिंग, बोर्डिंग, सिक्योरिटी स्क्रीनिंग और यात्री प्रबंधन से जुड़े तकनीकी परीक्षण भी पूरे हो चुके हैं, जोकि जांच में सफल भी पाए गए थे। गुरुवार को डीजीसीए, बकास, यूपी नागरिक उड्डयन विभाग, नायल, सीआईएसएफ और एयरलाइंस के अधिकारी उच्चस्तरीय बैठक कर अन्य तैयारियों को परख चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसकी शुरुआत होने के बाद सबसे पहले घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू होंगी और बाद में चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा।
वाहनों के रास्ते बदलेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल आएंगे। यहां करीब 45 मिनट तक रहेंगे। ऐसे में सेक्टर-113 से सेक्टर-50 तक आने-जाने के दौरान सेक्टर-78 अस्पताल के सामने से आने वाली सड़क, बरौला बाइपास, सेक्टर-50 के सामने समेत कुछ और सड़कों पर 20-25 मिनट तक वाहनों के रास्तों में बदलाव रहेगा। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए खाका तैयार कर लिया है।
सेक्टर-113 में हेलीपेड बनाया जा रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को देखते हुए सेक्टर-113 में हेलीपेड तैयार कराया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के निर्देश पर हेलीपेड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्दी ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा। एक अधिकारी का कहना है कि हेलीपेड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग के जरिए निजी अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए जाएंगे।