ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए गुड न्यूज 43 सोसाइटियों में अगस्त से मिलेगी यह सुविधा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड सिटी वन और टू समेत आसपास की 43 सोसाइटी में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अगले महीने से गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण के जल विभाग ने चारमूर्ति/गौड चौक के पास गंगाजल की पाइप लाइन को जोड़ने का काम शुरू कर दिया है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड सिटी वन और टू में 33, जबकि सेक्टर-16बी, सी में सात और टेकजोन-4 में तीन बिल्डर सोसाइटी हैं। इनमें डेढ़ लाख से अधिक लोग रहते हैं। यहां के लोग पिछले तीन वर्षों से गंगाजल की आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं, जो अब खत्म होने वाला है।

पाइप लाइन बिछाने और उसकी साफ-सफाई का काम पूरा होने के बाद 130 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे से होकर आ रही गंगाजल की पाइप लाइन को गौड चौक के पास जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। यह काम पूरा होने के बाद गौड सिटी की सोसाइटी के साथ सेक्टर-16 बी, सी की सात और सेक्टर टेकजोन की तीन सोसाइटी में अगस्त से गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इन सभी सोसाइटी के लिए गंगाजल की पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है।

बता दें कि, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में पेयजल की समस्या आए दिन होती रहती है। ऐसे में गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने के बाद इस समस्या का समाधान हो जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि शाहबेरी के पास बने गंगाजल के भूमिगत जलाशय (यूजीआर) को चालू करने की तैयारी चल रही है। तब तक सीधे ही गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि अगस्त से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की तैयारी कर रहा है। वाटर मीटर लगाना इसी का एक हिस्सा है। इससे पेयजल की बर्बादी रुक सकेगी। भूजल के दोहन को कम करने के लिए 85 क्यूसेक गंगाजल परियोजना के तहत पाइप लाइन का नेटवर्क तैयार कर लिया गया है, लेकिन व्यवस्था में खामियां होने की वजह से गंगाजल की आपूर्ति में दिक्कत आ रही है, जिससे दुरुस्त किया जा रहा है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare