ग्रेटर नोएडा शहर जल्दी ही बहुत बड़े आयोजन का मेजबान बनेगा। ग्रेटर नोएडा शहर में होने वाला यह आयोजन उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा मेला होगा। ग्रेटर नोएडा में लगने वाले प्रदेश के सबसे बड़े मेले का नाम यूपी इंटरनेशनल ट्रेड-शो (UPITS-2025) होगा। UPITS-2025 को ग्रेटर नोएडा में दो साल से लग रहे यूपी इंटरनेशनल टे्रेड शो का तीसरा संस्करण बताया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में लगने वाले सबसे बड़े मेले में देश-विदेश से आने वाले व्यापारी अरबों रूपए का कारोबार करेंगे।
ग्रेटर नोएडा में पूरे पाँच दिन चलेगा उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा मेला
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (मेला) का पहला आयोजन वर्ष-2023 में हुआ था। पहले आयोजन की सफलता के बाद वर्ष-2024 में भी उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा में इस मेले का आयोजन किया था। इस वर्ष ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड-शो UPITS-2025 का तीसरा आयोजन किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा शहर में UPITS-2025 का यह आयोजन 25 सितंबर 2025 से शुरू होकर 29 सितंबर 2025 तक पूरे पाँच दिन तक चलेगा। उत्तर प्रदेश सरकार ग्रेटर नोएडा के इस आयोजन को विश्वस्तरीय बनाने में कोई कमी छोडऩा नहीं चाहती। UPITS-2025 को सफल बनाने के मकसद से ही शुक्रवार को देश की राजधानी दिल्ली में बड़ा रोड शो आयोजित किया गया।
ग्रेटर नोएडा के मेले के लिए दिल्ली में हुआ रोड शो
उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने के उद्देश्य से, उत्तर प्रदेश सरकार ने इंडिया एक्सपोज़ीशन मार्ट लिमिटेड के सहयोग से, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के तीसरे संस्करण के लिए एक प्रभावशाली रोडशो का आयोजन शुक्रवार, 04 जुलाई 2025 को नई दिल्ली में किया गया। यह रोडशो आगामी यूपीआईटीएस 2025 की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जो 25 से 29 सितम्बर 2025 के बीच इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। ‘ulitmate sourcing begin here’ थीम पर आधारित यह आयोजन उत्तर प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों जैसे एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, हथकरघा और वस्त्र, ओडीओपी, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल, ईवी, नवीकरणीय ऊर्जा और पारंपरिक हस्तशिल्प के निर्यात को गति देने पर केंद्रित है।
दिल्ली रोडशो की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र विभाग श्री राकेश सचान ने की। रोडशो में श्री आलोक कुमार, प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार; डॉ. राकेश कुमार, अध्यक्ष, इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड डॉ. अजय सहाय, महानिदेशक एवं सीईओ, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंसडॉ. नीरज खन्ना, अध्यक्ष, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद श्री शैलेन्द्र भाटिया, ओएसडी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण। इस आयोजन में ऑस्ट्रिया, कनाडा, वियतनाम, सिंगापुर और नॉर्वे सहित कई देशों के दूतावास प्रतिनिधियों, व्यापार संघों, खरीद एवं आपूर्ति सलाहकारों, क्षेत्रीय उद्योग विशेषज्ञों और उत्तर भारत भर के विभिन्न हितधारकों ने सक्रिय भागीदारी की।
ग्रेटर नोएडा के मेले के अवसर पर उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा, “उत्तर प्रदेश आज विकास, उद्यमिता और वैश्विक संपर्क की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए एक संभावनाओं के केंद्र के रूप में उभर रहा है। 25 से 29 सितम्बर 2025 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो यूपीआईटीएस 2025 इस प्रगति का सशक्त प्रमाण है। यह केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के उद्योगों, कारीगरों, एमएसएमई इकाइयों और उद्यमियों की शक्ति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। हथकरघा और ओडीओपी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा तक, यूपीआईटीएस परंपरा और आधुनिकता का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि “राज्य के 75 जिलों से बढ़ते निर्यात और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बढ़ती रुचि यह दिखाती है कि उत्तर प्रदेश प्रमुख क्षेत्रों में सशक्त संपर्क स्थापित कर रहा है। यूपीआईटीएस स्थानीय उत्कृष्टता को वैश्विक पहुंच में बदलने का माध्यम बन चुका है, जहां खरीदार, निवेशक, नवप्रवर्तक और उत्पादक मिलकर स्थायी साझेदारियाँ बना सकते हैं। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और समान अवसरों के साथ अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। यूपीआईटीएस 2025 एक व्यापारिक आयोजन मात्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की क्षमता को दुनिया से जोड़ने का एक दृष्टिकोण है।”
इस अवसर पर श्री आलोक कुमार, (प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) ने कहा, “उत्तर प्रदेश अब तेजी से उभर रहा है और प्रगति कर रहा है। अब राज्य के पास ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ जैसा मंच है, जो उसकी औद्योगिक और सांस्कृतिक शक्तियों को प्रदर्शित करता है। यह हमारे एमएसएमई, शिल्पकारों और उद्यमियों के लिए निर्यात का एक प्रमुख द्वार है। हर संस्करण के साथ, स्थानीय व्यवसायों को वैश्विक बाज़ारों से जोड़ने का सेतु बन रहा है और हमें ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के विज़न में योगदान देने के लिए और अधिक सशक्त बना रहा है।”डॉ. राकेश कुमार, अध्यक्ष, इंडिया एक्सपोज़ीशन मार्ट लिमिटेड और यूपीआईटीएस के सह-आयोजक ने कहा कि “यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख क्षेत्रों और उत्पादों को विशेष रूप से उभारा जाएगा जो वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं।
यह एक आदर्श प्लेटफॉर्म है, जहां एक ही स्थान पर राज्य के सभी उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध होंगी। डॉ. अजय सहाय, महानिदेशक एवं सीईओ, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस ने कहा कि “राज्य सरकार के सहयोग से विदेशी खरीदारों के लिए विशेष कार्यक्रम और वित्तीय सहायता की व्यवस्था की गई है। उत्तर प्रदेश की विनिर्माण और रचनात्मक शक्ति को एक मंच पर लाकर, यूपीआईटीएस घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए एक अद्वितीय सोर्सिंग डेस्टिनेशन बन गया है।”
यह रोडशो एक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसे यूपीआईटीएस 2025 के प्रचार-प्रसार और भागीदारी को बढ़ाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। दिल्ली संस्करण विशेष रूप से राजधानी क्षेत्र के सोर्सिंग सलाहकारों, संस्थागत खरीदारों, निर्यातकों और व्यापारिक संगठनों से जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस प्रचार अभियान की श्रृंखला में इसके पश्चात हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और अहमदाबाद में और भी रोडशो आयोजित किए जाएंगे।