नोएडा में घर का सपना पाले हुए लोगों के लिए खुशखबरी सामने आई है। प्राधिकरण ने नई योजना लॉन्च की है। इसके लिए आवेदन शुक्रवार से शुरू हो जाएंगे।
देश की राजधानी के आसपास और दिल्ली एनसीआर में सबका सपना होता है कि उनका अपना घर हो, लेकिन कुछ लोगों का ही यह सपना साकार हो पाता है। लेकिन अब नोएडा में घर लेने की चाह रखने वालों के लिए खुशखबरी सामने आई है। करीब एक साल बाद फिर से नोएडा प्राधिकरण ने आवासीय भूखंड योजना लॉन्च की है। इस योजना में अलग-अलग सेक्टरों में स्थित 35 भूखंड के लिए शुक्रवार से आवेदन कर सकेंगे। भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के जरिए होगा। आइए जानते हैं कि यह आवेदन कैसे कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आवासीय भूखंड योजना में तीन अक्तूबर सुबह 11 बजे से 30 अक्तूबर शाम तक आवेदन किया जा सकता है। योजना में आवेदन करने वालों को कागजात जमा करने के लिए चार नवंबर तक का समय दिया जाएगा। योजना में शामिल किए गए 35 भूखंड सेक्टर-41, 44, 48, 51, 53, 56, 61, 72, 99, 105, 122 और 151 में हैं। योजना से संबंधित ब्रोशर को जल्द प्राधिकरण की वेबसाइड पर अपलोड कर दिया जाएगा। योजना में आवदेन करने के लिए 2300 रुपये प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। रिजर्व प्राइज से जो अधिक रेट पर बोली लगाएगा, उसे भूखंड आवंटित कर दिया जाएगा। आवेदकों को कम से कम 50 हजार रुपये की अतिरिक्त बोली लगानी होगी। इसके बाद लिस्ट में नाम आने के बाद आपके लिए प्लॉट की रजिस्ट्री मिलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
अन्य विभागों की भी योजना आएगी
अधिकारियों ने बताया कि आवासीय के अलावा संस्थागत समेत अन्य विभाग भी इसी महीने अपनी- अपनी योजनाएं लॉन्च करेंगे। संस्थागत विभाग के चार और औद्योगिक संपत्ति के सात भूखंड की योजना भी इसी महीने आएगी। इन तीनों तरह की संपत्ति से जुड़े भूखंड बेचने से प्राधिकरण को करीब 450 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। इससे प्लॉट खरीदने की चाह रखने वालों को फायदा होगा।