दिल्ली एनसीआर का नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे का एरिया विदेशी निवेश का एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है. प्रॉपर्टी कंसल्टेंट फर्म कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक जापानी और कोरियाई इंडस्ट्रियल शहर बसाने की योजना है.
दिल्ली एनसीआर का नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे का एरिया अब केवल एक रियल एस्टेट मार्केट नहीं रहा है, बल्कि यह विदेशी निवेश के एक बड़े केंद्र के तौर पर उभर रहा है. प्रॉपर्टी कंसल्टेंट फर्म कुशमैन एंड वेकफील्ड की ताजा रिपोर्ट नोएडा रनवे फॉर ग्रोथ के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास खास तौर से जापानी और कोरियाई इंडस्ट्रियल शहर बसाने की योजना है. यह कदम क्षेत्र की आर्थिक और रियल एस्टेट दिशा को पूरी तरह बदलने के लिए तैयार है.
विकसित किए जा रहे बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स
कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) के तहत समर्पित बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स विकसित किए जा रहे हैं.
सेक्टर 5A में जपानी शहर की योजना है, जो लगभग 395 हेक्टेयर में फैला होगा. वहीं, सेक्टर 4A में कोरियन शहर बसाया जाएगा, जिसका विस्तार 365 हेक्टेयर में होगा.
शहर की लोकेशन खास
निवेशकों के लिए सबसे आकर्षण की बात इन शहरों की लोकेशन है. ये दोनों सेक्टर जेवर एयरपोर्ट से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं.
इस कारण विदेशी कंपनियां लगाएंगी यूनिट्स
कुशमैन एंड वेकफील्ड का विश्लेषण बताता है कि दिल्ली से सीधा जुड़ाव और मल्टी मोडल लॉजिस्टिक्स हब विदेशी कंपनियों को यहां अपनी यूनिट्स स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे.
फिनटेक सिटी किए हैं डिजाइन
सिर्फ जापानी और कोरियन सिटीज ही नहीं, बल्कि विदेशी और संस्थागत निवेश को आकर्षित करने के लिए नोएडा में एक फिनटेक सिटी के साथ-साथ परिधान, खिलौने और मेडिकल डिवाइस के क्लस्टर भी डिजाइन किए हैं.
डेंसो कॉर्पोरेशन (जापान) और फॉक्सकॉन (ताइवान) जैसी कंपनियों की घोषणाएं यह संकेत देती हैं कि यह क्षेत्र एक प्रमुख क्षेत्रीय विनिर्माण और नॉलेज हब बन रहा है.
इन इंफ्रास्ट्रक्चर से होगा फायदा
कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट के साथ-साथ एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और मेट्रो की कनेक्टिविटी विदेशी निवेशकों के लिए माल और लोगों की आवजाही को आसान बनाएगी, जो इस क्षेत्र को निवेश का हॉटस्पॉट बनाती है. कुशमैन और वेकफील्ड की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा- ग्रेटर नोएडा में जेयर एयरपोर्ट के चलते नए घरों की लॉन्चिंग 54 फीसदी बढ़ी है. इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे) में 2025 के पहले 9 महीनों में 10,242 यूनिट्स लॉन्च हुई है.