Noida Airport 3 चरण में 437 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण 8 गांव के 15920 परिवार होंगे विस्थापित

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण में विस्थापित हाेने वाले आठ गांव के किसानों के पुनर्वासन के फाइनल ड्राफ्ट को मंडलायुक्त हृषिकेश भास्कर के अनुमोदन के बाद शासन को भेज दिया गया है। पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन प्रशासक उपजिलाधकारी जेवर ने लोक सुनवाई के दौरान किसानों की लिखित व मौखिक शिकायतों का निस्तारण कर फाइनल ड्राफ्ट मंडलायुक्त मेरठ के अनुमोदन के लिए भेजा था।

जमीन अधिग्रहण से आठ गांव के 15920 परिवारों के पुनर्वास के लिए माडलपुर,मंगरौली, अलावलपुर,चोरौली व नीमका की 437 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।एयरपोर्ट के तीसरे चरण में जेवर के थोरा, नीमका, ख्वाजपुर,रामनेर, किशोरपुर, बनवारीवास, पारोही, मुकीमपुर शिवारा, जेवर बांगर, साबौता मुस्तफाबाद, चौरोली, दयानतपुर, बंकापुर व रोही सहित कुल 14 गांव के किसानों की 1857 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है।

अधिग्रहण के थोरा, नीमका, बनवारीवास, रामनेर, किशोरपुर, ख्वाजपुर व जाफराबाद और मुकीमपुर शिवारा (आंशिक) विस्थापित किए जाने हैं। संख्यकीय गणना के अनुसार इन गांव के 15920 परिवार विस्थापित किए जाएंगे। कुल 30879 परिवार प्रभावित होंगे। विस्थापित परिवारों को बसाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के किनारे जेवर खुर्जा मार्ग और प्रस्तावित खुर्जा पलवल एक्सप्रेसवे के बीच 437 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर टाउनशिप विकसित की जाएगी।

फाइनल ड्राफ्ट को मंडलायुक्त के अनुमोदन के बाद अंतिम निर्णय के लिए शासन को भेजा गया है। पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन प्रशासक उपजिलाधकारी जेवर अभय कुमार सिंह ने बताया कि अनुमोदन के बाद फाइनल ड्राफ्ट शासन को चला गया है। भूमि अधिग्रहण कानून की धारा 19 की तैयारी चल रही है।

एयरपोर्ट के दूसरे चरण में विस्थापित किसानों को जेवर खुर्जा रोड के बाईं तरफ माडलपुर पर विस्थापित किया जा रहा है वहीं तीसरे चरण के विस्थापन के लिए अलावलपुर की 68, मंगरौली की 193, चौरोली की 25, जेवर बांगर की 14, माडलपुर की 57 और नीमका की 78 हेक्टेयर जमीन सहित कुल 437 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करते हुए आठ गांव का विस्थापन होगा। टाउनशिप में सड़क, नाली, पार्क, स्कूल, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Join The Discussion

Compare listings

Compare