नोएडा को ट्रैफिक जाम मुक्त बनाने की तैयारी सिंगापुर न्यूयॉर्क लंदन की तर्ज पर सड़क-चौराहे होंगे विकसित

सड़कों-चौराहों को पूरी तरह से यातायात जाम मुक्त बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है। इसके तहत सिंगापुर, न्यूयॉर्क, लंदन की तर्ज पर शहर में ट्रैफिक जंक्शन वाले चौराहों-सड़कों को मॉडल रूप में विकसित किया जाएगा।

मकसद है कि पैदल चलने वाले लोग को अपने गंतव्य तक आने जाने के लिए तेज रफ्तार वाहनों के बीच मुख्य सड़क से न गुजरना पड़े। सुरक्षित सफर के लिए उन्हें अलग से पाथवे उपलब्ध कराया जाए। पार्थवे पूरी तरह से मल्टी यूटिलिटी जोन (एमयूजेड) से लैस हो।

कार्य योजना को धरातल पर उतारने से पहले नोएडा प्राधिकरण सीईओ डा लोकेश एम, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ ट्रैफिक जंक्शन वाले चौराहों का निरीक्षण करेंगे, इसके बाद काम शुरू करने के लिए ड्राइंग डिजाइन फाइनल किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण सीईओ डॉ. लोकेश एम ने बताया कि सेक्टर-57 व 37 स्थित बाटेनिकल गार्डन वाले प्वाइंट को कार्ययोजना में प्राथमिकता से शामिल किया गया है। इसका प्रस्तुतीकरण भी कंसल्टेंट कंपनी की ओर से दिया गया है।

तैयार होने वाले मॉडल चौराहों के कॉरिडोर पूरी तरह मल्टी यूटिलिटी जोन (एमयूजेड) के रूप में विकसित होंगे, पैदल चलने वालों के लिए उपलब्ध पाथवे पर किसी भी प्रकार का अवरोधक नहीं होगा। सभी सर्विसेस जैसे बिजली की तार, नाला-नाली, सिंचाई विभाग का नाला अंडर ग्राउंड किया जाएगा।

पाथवे पर आने जाने वालों के लिए किनारे हरित पट्टी पर साइनेज बोर्ड, लाइट, पोल, डस्टबिन, बेंच लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना का उद्देश्य पैदल यात्रियों के लिए एक सुरक्षित और जीवंत स्थान प्रदान करना है। एक ऐसी “कंपलीट रोड” बनाना है जो वाहन चालक, पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित हो।

कार्ययोजना के तहत चौराहे के आसपास 500 मीटर से एक किलोमीटर हिस्से को एक सुरक्षित, सुलभ और आकर्षक सार्वजनिक स्थान में बदलना है। बनने वाले इस कारिडोर में ग्रीन बेल्ट और वाकिंग ट्रैक बनाया जाएगा।

सड़क के दोनों ओर हरियाली विकसित की जाएगी, पूरे रास्ते में सजावटी लाइटिंग लगाई जाएगी। योजना में दिव्यांगों के लिए विशेष ध्यान दिया गया है। म्यूरल, बेंच, बोलार्ड, रैंप लगाया जाएगा। ग्रीन बेल्ट के बीच जल निकासी व्यवस्था होगी, क्योस्क लगाए जाएंगे ताकि लोग स्ट्रीट फूड का मजा ले सके।

दो साल पहले नोएडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास शशि चौक से नोएडा सिटी सेंटर तक 1.2 किलोमीटर के हिस्से को पायलेट प्रोजेक्ट के तहत मॉडल रोड के रूप में विकसित किया गया था।

इसमें पैदल मार्ग, म्यूरल बेंच, पैनिक बटन वाले स्मार्ट पोल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बसवे, वाईफाई ज़ोन के साथ नया रूप दिया गया। परियोजना पर सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद ही नई मॉडल चौराहों को विकसित करने की परियोजना बनी है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare