ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर-कासना मार्ग की मरम्मत यानी नई परत बिछाने का काम शुरू हो गया है। मुख्य मार्ग के साथ सर्विस मार्ग की भी मरम्मत कराई जा रही है। लगभग 12 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के तीन में से दो हिस्सों को चमकाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुताबिक केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) की जांच रिपोर्ट और सुझावों पर सूरजपुर कासना मार्ग के दो हिस्सों सूरजपुर घंटाघर चौक से एलजी गोलचक्कर और सेक्टर पी-3 गोलचक्कर से कासना तक की सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। यह सड़क बार-बार टूट रही थी, इसलिए काम शुरू कराने से पहले सीआरआरआई से जांच कराई गई। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। हर रोज हजारों की संख्या वाहन गुजरते हैं।
सीआरआरआई ने दो हिस्सों सूरजपुर घंटाघर चौक से एलजी गोलचक्कर तक लगभग 3.5 किलोमीटर और सेक्टर पी-3 गोलचक्कर से कासना तक लगभग 3.5 किलोमीटर में सड़क की मरम्मत कराने का सुझाव दिया है। वहीं, एलजी गोलचक्कर और सेक्टर पी-3 गोलचक्कर के बीच की सड़क को जांच में सही पाया गया।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि निविदा की प्रक्रिया पूरी कर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। मुख्य सड़क के साथ दोनों तरफ के सर्विस मार्ग की मरम्मत भी कराई जा रही है। दिन में सर्विस मार्ग और रात के समय मुख्य मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत नहीं होगी। कार्यदायी संस्था को छह माह में काम पूरा करना होगा। सड़क की मरम्मत पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।