नोएडा एयरपोर्ट के IT नेटवर्क और साइबर सुरक्षा करेगी टेक महिंद्रा, चौबीस घंटे रहेगी निगरानी

टेक महिंद्रा नोएडा एयरपोर्ट के आईटी नेटवर्क और साइबर सुरक्षा का जिम्मा संभालेगी। कंपनी चौबीस घंटे निगरानी रखेगी ताकि एयरपोर्ट के सभी सिस्टम सुरक्षित रहें। इस साझेदारी से नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत होगी। टेक महिंद्रा की विशेषज्ञता से एयरपोर्ट के डेटा और नेटवर्क को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। यह कदम एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एकीकृत नेटवर्क व सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना और संचालन की जिम्मेदारी टेक महिंद्रा हो सौंपी गई है। एयरपोर्ट की संचालक कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. (यापल) और टेक महिंद्रा के अधिकारियों के बीच अनुबंध हुआ है। यापल का कहना है कि इस साझेदारी से सुरक्षित, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार तकनीकी ईकोसिस्टम का निर्माण संभव होगा।

टेक महिंद्रा नोएडा एयरपोर्ट के आइटी एप्लिकेशन, डेटाबेस, नेटवर्क, सर्वर, स्टोरेज सिस्टम और संबंधित डिजिटल प्लेटफार्म के लिए नेटवर्क और चौबीस घंटे निगरानी व प्रबंधन करेगी। एकीकृत एनओसी व एसओसी नेटवर्क एवं साइबर सुरक्षा पर हमले की पहचान, विश्लेषण और त्वरित प्रतिक्रिया करेगी। ताकि एयरपोर्ट परिचालन निरंतरता बनी रहे और नेटवर्क प्रणालियों की सुरक्षा मजबूत हो सके।

यापल सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होने की वजह से पहले दिन से ही डिजिटल ईकोसिस्टम में लचीलापन, सुरक्षा और परिचालन उत्कृष्टता का भरपूर अवसर है। टेक महिंद्रा के साथ साझेदारी से नेटवर्क और साइबर सुरक्षा का मजबूत ढांचा तैयार होगा। इससे सुरक्षित, निर्बाध परिचालन सुनिश्चित होगा।

टेक महिंद्रा के भारत में प्रमुख साहिल धवन ने कहा, “आज के एयरपोर्ट जटिल डिजिट ईकोसिस्टम से लैस हैं। नेटवर्क की मजबूती और साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए साझेदारी से एकीकृत नेटवर्क और सिक्योरिटी आपरेशंस सेंटर से आइटी और डिजिटल प्लेटफार्म की चौबीस घंटे निगरानी होगी।”

ज्ञात हो कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तकरीबन पूरा हो चुका है। नागर विमानन महानिदेशालय से एयरो ड्रोम लाइसेंस मिलने का इंतजार है। नए साल में एयरपोर्ट का उद्घाटन और विमान सेवा शुरू हो जाएंगी।

Join The Discussion

Compare listings

Compare