ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए में स्थित अपनी बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी में बने बनाए फ्लैटों की योजना जल्द लाने जा रहा है। संपत्ति विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। लोगों को नए साल का तोहफा मिल सकता है। पहली बार ई-नीलामी के जरिए फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। क्षेत्रफल के हिसाब से आरक्षित मूल्य का निर्धारण कर लिया गया है। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक मध्यमवर्गीय परिवारों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पूर्व में सेक्टर ओमीक्रॉन-1 और ओमीक्रॉन-1ए में बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी की योजना लाई गई थी। इसमें 58 व 70 वर्गमीटर के फ्लैट हैं।
उस समय लकी ड्रा के माध्यम से आवंटन किया गया था। संपत्ति विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए में दोनों आकार में मिलाकर 345 फ्लैट अभी खाली पड़े हैं। प्राधिकरण इनका आवंटन अब ई-नीलामी के माध्यम से करेगा। बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद प्राधिकरण के संपत्ति विभाग ने योजना लाने की तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में योजना शुरू कर दी जाएगी। खाली पड़े 345 फ्लैट में से प्रथम चरण की योजना में कितने फ्लैट शामिल किए जाएंगे, इसका निर्धारण किया जना बाकी है। इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन होगा। सबसे ऊंची बोली लगाने वाले को फ्लैट आवंटित किया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक 58 वर्गमीटर के फ्लैट का आरक्षित मूल्य 49.11 लाख और 82 वर्गमीटर के फ्लैट का आरक्षित मूल्य 72 लाख रुपये रखा गया है। आवासीय संपत्ति की बढ़ती मांग को देखते हुए बहुमंजिला सोसाइटी में निर्मित फ्लैटों की योजना जल्द लाई जाएगी। संपत्ति विभाग को इस संबंध में दिशा निर्देश दिए गए हैं। आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। सेक्टर ओमीक्रॉन-1 व 1ए में खाली पड़े फ्लैट चरणबद्ध तरीके से आवंटित किए जाएंगे। रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।