नोएडा में फिर लॉन्च हुआ करोड़पतियों के फ्लैट्स का प्रोजेक्ट, दाम तो जान लीजिए!

उत्तर प्रदेश का तेजी से उभरता शहर नोएडा इन दिनों अल्ट्रा-लग्जरी रेजिडेंशयल प्रोजेक्ट का गढ़ बनता जा रहा है। गुरुवार को दिल्ली की रियल एस्टेट कंपनी ग्रेट वैल्यू रियलिटी (Great Value Reality) ने नोएडा के सेक्टर 107 में एक प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट Ekanam की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट में फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 7 करोड़ रुपये है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटा नोएडा अब अल्ट्रा-लग्जरी फ्लैट के प्रोजेक्ट का गढ़ बनने लगा है। दिल्ली की कंपनी ग्रेट वैल्यू रियल्टी ने नोएडा के सेक्टर 107 में एक लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लॉन्च करने की घोषणा की है। इसका नाम एकानम (Ekanam) रखा गया है। कंपनी का दावा है कि इस अल्ट्रा-लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में खरीदारों को वह सब मिलेगा, जिसकी कल्पना करते हैं। हालांकि इसमें फ्लैट्स के दाम इस तरह से रखे गए हैं कि इसे खरीदने में आम आदमी का धुआं निकल जाएगा। जी हां, इस प्रोजेक्ट में फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 7 करोड़ रुपये है।

3 एवं 4 BHK का मकान
46 मंजिले इस प्रोजेक्ट में 3 एवं 4 बीएचके के 280 फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं। इनका आकार 3,525 वर्ग फुट से 5,525 वर्ग फुट तक का है। इसी से पता चलता है कि मकान के कमरे या ड्राइंग रूम आदि कितने बड़े होंगे। डेवलपर का दावा है कि इसके हर फ्लैट की डिजाइनिंग बेहद सोच-समझ कर की गई है। ताकि मकान के हर हिस्से तक प्राकृतिक रोशनी पहुंचे। वहां पर्याप्त वेंटिलेंशन रहे। साथ ही ग्राहकों के लिए इसमें कस्टमाइजेशन का भी विकल्प दिया गया है। मतलब कि आप चाहें तो अपने हिसाब से फ्लैट डिजाइन करवा सकें।

फ्लैट की कीमत क्या होगी
इस प्रोजेक्ट में मकान की कीमत क्या होगी, यह सबसे बड़ा सवाल है। हालांकि प्रोजेक्ट के डेवलपर इस सवाल पर सही सही जवाब देने से कतराते हैं। ग्रेट वैल्यू रियलिटी के सीएमडी मनोज अग्रवाल का कहना है कि इसमें अपार्टमेंट की कीमत 7 करोड़ रुपये से शुरू होगी। इससे ऊपर कितना दाम होगा, यह आपकी पसंदगी और फ्लैट की साइज पर निर्भर करेगा। ऊपरी कीमत का उन्होंने कोई स्पष्ट खुलासा नहीं किया। इससे पहले भी नोएडा में अल्ट्रा-लग्जरी फ्लैट के कई प्रोजेक्ट आ चुके हैं। एक प्रोजेक्ट में तो 25 करोड़ रुपये के फ्लैट्स का था। उसमें एक ही दिन में सभी फ्लैट बिक गए थे।

अपार्टमेंट में और क्या होगी सुविधा
डेवलपर का दावा है कि इस प्रोजेक्ट में निवासियों को एक लाख वर्ग फुट में फैला क्लब हाउस मिलेगा। यह सोशल और वेलनेस हब की तरह काम करेगा। बताया गया है कि इस क्लब में एक इंडोर पूल एवं स्पा, सेलून, स्पोर्ट्स कैफे, सिगार लाउंज, बिजनेस सेंटर, जिम एवं योगा स्टूडियो, आर्ट एंड म्यूजिक रूम और एक थियेटर होगा। क्लब की सभी सुविधाएं हरियाली एवं प्राकृतिक रोशन से भरपूर होंगी।

कौन हैं प्रोजेक्ट के आर्किटेक्ट
इस प्रोजेक्ट के आर्किटेक्ट ब्रिटिश फर्म Benoy को बनाया गया है। इसकी वेबसाइट पर बताया गया है कि इस कंपनी का ऑपरेशन Europe के साथ साथ पश्चिम एशिया के देशों (Middle East) एशिया के अन्य देशों में भी है। इस कंपनी के चेयरमैन ग्राहम कार्टलेज (Graham Cartledge) और सीईओ टॉम कार्टलेज (Tom Cartledge) हैं। इसने दुनिया के कुछ बेहद शानदार रेजिडेंशियल एवं कमर्शियल रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स का डिजाइन किया है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare