ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक से रामपुर सेक्टर बीटा-वन गोलचक्कर तक की सड़क को जल्द चौड़ा किया जाएगा। चार लेन की इस सड़क के छह लेन होने से वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसका टेंडर जारी कर दिया है। नए साल में सड़क का काम शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एकमूर्ति से सैनी गोलचक्कर तक फुटपाथ बनाया जाएगा। इससे पैदल चलने वाले लोगों को सुविधा होने के साथ धूल उड़ने की समस्या भी दूर हो जाएगी।
प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक, सूरजपुर – कासना रोड पर स्थित एलजी
चौक से वाया आशियाना सोसाइटी गोलचक्कर सेक्टर गामा-वन व सेक्टर बीटा-वन रामपुर गोलचक्कर तक की सड़क को छह लेन का किया जाएगा। यह सड़क अभी चार लेन की है। लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क से हजारों वाहन गुजरते हैं। एलजी चौक के पास स्थित औद्योगिक सेक्टर उद्योग विहार एक्सटेंशन इकोटेक-टू में एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स सहित बड़ी संख्या में कंपनियां होने की वजह से भारी वाहनों का भी आना-जाना लगा रहता है। सड़क के चौड़ा होने से सेक्टर गामा-1,2, डेल्टा-1,2,3, जीटा, ईटा आदि सेक्टरों के अलावा आसपास के गांवों व प्राधिकरण दफ्तर की तरफ आना-जाना आसान हो जाएगा।
130 मीटर सड़क पर फुटपाथ बनाया जाएगा : ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर एकमूर्ति गोलचक्कर से सैनी गोलचक्कर तक फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। इस पर 3.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए प्राधिकरण ने सभी व्यस्त सड़कों के किनारे फुटपाथ के निर्माण की योजना बनाई है।
जल निकासी के लिए नाली का निर्माण
प्राधिकरण के परियोजना विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 130 मीटर चौड़ी सड़क के सर्विस मार्ग के साथ सैनी गोलचक्कर से तोषा कट तक ( तिलपता गोलचक्कर के समीप) आरसीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। इससे जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी।
गोलचक्कर की चौड़ाई कम की जाएगी
परियोजना विभाग के अधिकारी के मुताबिक रामपुर गोलचक्कर की चौड़ाई 2.5 मीटर और चारों डिवाइडर की लंबाई 3.3 मीटर कम की जाएगी। इससे गोलचक्कर के पास भी सड़क चौड़ी हो जाएगी। आसपास के सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त कर मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा। सेक्टर गामा-1 की तरफ सर्विस मार्ग का काम अधूरा पड़ा है। इसके साथ ही गोलचक्कर के पास सेक्टर बीटा-1 के इंट्री प्वाइंट को पीछे किया जाएगा। गोलचक्कर के नजदीक होने की वजह से लोग वाहनों को गलत दिशा में ले लेते हैं। ऐसे में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इन विकास कार्यों की भी निविदा जारी की गई है।
एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, “एलजी चौक से रामपुर गोलचक्कर तक की सड़क को छह लेन का किया जाएगा। सीईओ से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद इसकी निविदा जारी कर दी गई है। कंपनी का चयन कर एक माह में काम शुरू करा दिया जाएगा।