ग्रेटर नोएडा की सड़कें होंगी जगमग, लगेंगी विदेशों जैसी शानदार स्ट्रीट लाइट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति / गौड़ चौक से तिगरी गोलचक्कर और ऐस सिटी से खैरपुर गोलचक्कर तक दो प्रमुख सड़कों पर आकर्षक और कम ऊंचाई वाले स्ट्रीट लाइट के खंभे लगाए जाएंगे, जिससे रात में सड़कों पर बेहतर रोशनी हो सकेगी।

प्राधिकरण के अधिकारी के चार मूर्ति/गौड़ चौक से तिगरी गोलचक्कर तक दो किलोमीटर लंबी सड़क पर 276 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। शहर में पहली बार इस तरह के आकर्षक खंभे लगाए जाने की तैयारी है। इनकी लंबाई नौ मीटर होगी। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ही ऐस सिटी / चौगानपुर गोलचक्कर से 130 मीटर सड़क को जोड़ने के लिए खैरपुर गोलचक्कर तक बनाई जा रही 80 मीटर चौड़ी सड़क को जगमग करने के लिए 334 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। यहां लगाए जाने वाले कोनिकल आर्च पोल की लंबाई सात मीटर रखी गई है। इधर से हाइटेंशन लाइट गुजर रही है, ऐसे में कम लंबाई के खंभे लगाने का निर्णय लिया गया है। पोल की लंबाई कम होने से स्ट्रीट लाइट के पेड़ों की टहनियों के बीच में आकर ढकने की समस्या भी दूर हो जाएगी।

प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अश्विनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों मार्गों पर लगाई जाने वाली स्ट्रीट लाइट पर आने वाले खर्च का आकलन किया जा रहा है। लगभग पांच करोड़ रुपये का खर्च आएगा । निविदा की प्रक्रिया पूरी कर एक माह में काम शुरू करा दिया जाएगा। बता दें कि चार मूर्ति/गौड़ चौक से गाजियाबाद को जोड़ने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। चार मूर्ति चौक पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम पूरा होने के बाद वाहनों की आवाजाही और अधिक बढ़ जाएगी।

Join The Discussion

Compare listings

Compare