नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पड़ोसी राज्यों में जाना होगा आसान, इन शहरों के लिए शुरू होगी सीधी बस सेवा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के CEO क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा, ‘हम UPSRTC के साथ पार्टनरशिप करके बहुत खुश हैं ताकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आने-जाने का सफर और भी आसान हो सके।

आने वाले दिनों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में जाना बिल्कुल आसान हो जाएगा। इन जगहों तक लोगों के सफर को बिल्कुल आसान बनाने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने खास तैयारी कर ली है। इसके लिए उसने UPSRTC (उत्तर प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया है। जिसके तहत इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, वृंदावन और हाथरस जैसी बड़ी सांस्कृतिक, धार्मिक और वाणिज्यिक जगहों के लिए सीधी बस सर्विस शुरू की जाएगी। इस बारे में गुरुवार को एक बयान जारी करते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि इस सर्विस से एयरपोर्ट आने या जाने वाले यात्रियों को आसानी से और सुविधाजनक एक्सेस मिलेगा।

यूपी के इन शहरों के लिए शुरू होगी सीधी बस सेवा
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, हापुड़, हाथरस, मुरादाबाद और शिकोहाबाद जैसी जगहों तक भी पहुंचेगा, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ी कवरेज मिलेगी और यात्रियों को लास्ट-माइल तक कनेक्टिविटी मिलेगी। UPSRTC के साथ हुआ NIA का हुआ यह समझौता उसी पार्टनरशिप पर आधारित है, जो कि उसने हरियाणा रोडवेज, उत्तराखंड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन और दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन जैसी राज्य ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के साथ कर रखी है।

अन्य राज्यों के इन शहरों के लिए भी हो चुकी बात
इस बारे में जारी बयान में आगे कहा गया कि यह पार्टनरशिप दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, चंडीगढ़, देहरादून, हरिद्वार जैसे बड़े शहरी केंद्रों तक सीधी बस कनेक्टिविटी देती हैं, जिससे एयरपोर्ट की पहुंच उत्तर प्रदेश राज्य से भी आगे तक बढ़ जाती है। इन मिली-जुली कोशिशों से, एयरपोर्ट चार राज्यों के 25 से ज्यादा शहरों से जुड़ जाएगा, जिससे एक मजबूत मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट नेटवर्क बनेगा जो घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों तरह की यात्राओं को सपोर्ट करेगा।

सीईओ बोले- आसान ग्राउंड कनेक्टिविटी जरूरी
इस बारे में बताते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के CEO क्रिस्टोफ नेलमैन ने कहा, ‘हम UPSRTC के साथ पार्टनरशिप करके बहुत खुश हैं ताकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आने-जाने का सफर और भी आसान हो सके। यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए आसान ग्राउंड कनेक्टिविटी जरूरी है।’

आगे उन्होंने कहा, ‘यह पार्टनरशिप यह पक्का करती है कि यात्री उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण शहरों और कस्बों तक आसानी से पहुंच सकें। जैसे-जैसे हम अपने शुरुआती यात्रियों का स्वागत करने के करीब पहुंच रहे हैं, ऐसी कोशिशें एक्सेसिबिलिटी, सुविधा और क्षेत्रीय एकता के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दिखाती हैं।’

आगे उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे एयरपोर्ट ऑपरेशनल रेडीनेस की ओर बढ़ रहा है, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इस इलाके का गेटवे बनाने के लिए यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट के कई ऑप्शन देकर आसान एक्सेस पक्का करना हमारी मुख्य प्राथमिकता बनी हुई है। बता दें कि एयरपोर्ट के पहले फेज़ में, एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ, इसकी कैपेसिटी हर साल 1.2 करोड़ पैसेंजर्स को हैंडल करने की होगी। वहीं चौथा फेज़ पूरा होने पर, एयरपोर्ट हर साल 70 मिलियन (7 करोड़) पैसेंजर को मैनेज करने के लिए तैयार हो जाएगा, जिससे यह इस इलाके का एक बड़ा हब बन जाएगा। एयरपोर्ट का पहला फेज़, जो एक ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है, जल्द ही पैसेंजर के लिए खुलने की उम्मीद है, हालांकि इसकी तारीख की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare