बोड़ाकी मेट्रो रूट पर कहां-कहां बनेंगे स्टेशन, डिजाइन सर्वे का काम अगले महीने होगा शुरू

ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक चलने वाली मेट्रो लाइन के स्टेशनों का डिजाइन जल्द तैयार होगा। डिटेल डिजाइन सर्वे का काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि जिले में मेट्रो का यह सबसे छोटा रूट होगा।

ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक चलने वाली मेट्रो लाइन के स्टेशनों का डिजाइन जल्द तैयार होगा। डिटेल डिजाइन सर्वे का काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इस कार्य के लिए तीन एजेंसियां आगे आई हैं। वहीं, जो एजेंसी बेहतर प्रेजेंटेशन देगी और अनुभव अच्छा होगा, उसे काम का जिम्मा दे दिया जाएगा। दो हफ्ते में एजेंसी के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

जिले में आने वाले समय में तीन मेट्रो लाइन का निर्माण होना है। इनमें ग्रेनो नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक, नोएडा के सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक और सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 रूट पर मेट्रो चलनी प्रस्तावित है। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रूट को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, बाकी का अभी इंतजार है। ऐसे में अब बोड़ाकी रूट पर काम शुरू करने की तैयारी है।

सबसे छोटा मेट्रो रूट होगा
एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि जिले में मेट्रो का यह सबसे छोटा रूट होगा। 2.6 किलोमीटर लंबे रूट पर जुनपत और बोड़ाकी सिर्फ दो स्टेशन बनेंगे। बोड़ाकी में बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो रूट के लिए डीएमआईसी एनएमआरसी को जमीन उपलब्ध कराएगा। अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने मेट्रो लाइन के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने के लिए पिछले महीने टेंडर जारी किया था। इस टेंडर में तीन एजेंसी ने आवेदन किया। अधिकारियों का कहना है कि एजेंसियों के कागजातों की जांच की जा रही है। हर एजेंसी से योजना को लेकर प्रेजेंटेशन लिया जाएगा। अगले 10-15 दिन में एजेंसी के चयन का काम पूरा कर लिया जाएगा। चयनित सलाहकार एजेंसी हर स्टेशन का डिजाइन तैयार करेगी। स्टेशनों और लाइन पर खड़े होने वाले पिलर का भी डिजाइन एजेंसी देगी। इसके अलावा सिविल के काम से संबंधित टेंडर कागजात तैयार करेगी। इस काम की लागत कितनी होनी चाहिए, यह एजेंसी बताएगी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी चयनित होने के करीब एक महीने में संबंधित तथ्यों पर सर्वे रिपोर्ट दे देगी। इसके बाद सिविल के काम कराने को टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन के लिए टोपोग्राफी सर्वे का काम पहले ही पूरा कर लिया गया था। टोपोग्राफी सर्वे में स्टेशन के रास्ते पर सड़क, अंडरपास, फ्लाईओवर, बिजली, सीवर लाइन की मौके पर स्थिति समेत सभी चीजें देखी जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद नोएडा से नॉलेज पार्क-5 और सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन रूट का टोपोग्राफी तथा डिटेल डिजाइन सर्वे होगा।

मार्च-अप्रैल तक काम शुरू होने की उम्मीद
बोड़ाकी मेट्रो रूट का काम अगले साल मार्च-अप्रैल तक शुरू होने की उम्मीद है। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि तीन साल में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में अप्रैल 2029 तक काम पूरा कर लिया जाएगा। उसी साल इस रूट पर मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी।

250 पेड़ शिफ्ट होंगे
बोड़ाकी मेट्रो रूट पर करीब 250 पेड़ रास्ते में आ रहे हैं। इनको शिफ्ट करने के लिए एनएमआरसी ने
वन विभाग को पत्र लिख दिया है। जल्द इन्हें शिफ्ट किया जा सकता है।

Join The Discussion

Compare listings

Compare