यमुना सिटी में कनॉट प्लेस जैसा 4 KM लंबा कॉमर्शियल पार्क बनाने की तैयारी, इन 5 सेक्टरों की होगी बल्ले-बल्ले

यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में भी दिल्ली के कनॉट प्लेस की तर्ज पर सेंट्रल कॉमर्शियल पार्क बनेगा।
करीब पांच सेक्टरों की एक हजार हेक्टेयर जमीन पर विकसित होने वाले इस पार्क की लंबाई 4 किलोमीटर और चौड़ाई 500 मीटर तक होगी। प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि यह सेंट्रल कॉमर्शियल पार्क सेक्टर-15बी, 15सी, 35, 12 और 34 में प्रस्तावित है।

मास्टर प्लान-2041 के तहत कॉमर्शियल पार्क विकसित करने का खाका तैयार किया जा रहा है। पार्क की एक हजार हेक्टेयर में सिर्फ 478.35 हेक्टेयर में वित्तीय संस्थान, कॉरपोरेट ऑफिस, बिजनेस हब, बैंक, हॉस्टल, कल्ब, कैफे, रेस्त्रां, मॉल एवं शॉपिंग सेंटर समेत अन्य कॉमर्शियल गतिविधि होगी। कुछ स्थानों पर आवास भी बनेंगे।

परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से सलाह ली जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद शहर में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, निवेशकों और दुनियाभर से आने वाले लोगों के लिए यह पार्क आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसे धरातल पर उतारने से पहले हॉन्गकॉन्ग के सेंट्रल एरिया, लंदन के वेस्ट एंड और बीजिंग फाइनेंशियल स्ट्रीट का अध्ययन कराया जाएगा।

मेट्रो और बस की भी सुविधा मिलेगी
सेंट्रल कॉमर्शियल पार्क के लिए प्रस्तावित सभी सेक्टर एक लाइन में हैं। सेक्टर-34 और 35 अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के लिए आरक्षित सेक्टर-21 से मिले हुए हैं। सेक्टर-21 तक पहले ही मेट्रो और नमो भारत रेल को मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में कॉमर्शियल पार्क में आने के लिए मेट्रो और बस जुड़ाव पर जोर दिया जाएगा, ताकि व्यापार, मनोरंजन, प्रशासनिक गतिविधियां सुचारू रहे।

मनोरंजन के लिए भी कई सुविधाएं विकसित होंगी
कॉमर्शियल पार्क में लोगों के घूमने फिरने के लिए सेंट्रल ग्रीन पार्क भी बनेगा, यहां लोगों के लिए ग्रीन बेल्ट, बैठने के लिए स्थान, रंग-बिरंगे फव्वारे और अन्य वाटर बॉडी समेत अन्य मनोरंजन के लिए अन्य गतिविधियां विकसित की जाएगी।

शैलेंद्र भाटिया, ओएसडी यीडा, “शहर में तेजी से बसावट बढ़ रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट भी जल्द शुरू होने जा रहा है। ऐसे में कॉमर्शियल गतिविधियों को तेज करने के लिए सेंट्रल कॉमर्शियल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसका खाका तैयार किया जा रहा है, जल्द काम को आगे बढ़ाया जाएगा।”

Join The Discussion

Compare listings

Compare