ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में आवासीय प्लॉट काटे जा रहे हैं। मेडिकल डिवाइस पार्क में प्लॉट स्कीम निकाली गई है। प्लॉट पाने के लिए 12 जनवरी से आवेदन कर सकते हैं।
यमुना सिटी के प्रोजेक्ट अब रफ्तार पकड़ेंगे। यूपी सरकार ने यमुना अथॉरिटी को जमीन खरीद के लिए 2474 करोड़ रुपये जारी किए हैं। पहले से कई सेक्टरों के लिए जमीन खरीदने का काम चल रहा है। अब अथॉरिटी जमीन खरीद की प्रक्रिया को और तेज करेगी। यमुना सिटी में तमाम प्रोजेक्ट गतिमान हैं। कई सेक्टरों में बड़े प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। इन सेक्टरों में जमीन खरीद का काम चल रहा है। अथॉरिटी ने औद्योगिक सेक्टर-8 डी में जमीन खरीद पूरी कर ली है।
यमुना सिटी में पहली बार इस सेक्टर में सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरण तैयार करने वाली कंपनी स्थापित होगी। साथ ही नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक इस सेक्टर को लॉजिस्टिक और वेयरहाउसिंग की सुविधा रहेगी। इसके अलावा अथॉरिटी सेक्टर-5, 6, 7, 10, 11 के अलावा पुराने सेक्टरों में भी हुई बची हुई जमीन खरीदी जानी है।
अथॉरिटी को यह पैसा बिना ब्याज के लौटाना होगा
इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को गति देने के लिए यूपी सरकार भी इंडस्ट्रियल अथॉरिटी को आर्थिक मदद कर रही है। यूपी सरकार ने यमुना सिटी को 2474 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह पैसा जमीन खरीद में खर्च होगा। खास बात यह है कि अथॉरिटी को यह पैसा बिना ब्याज के लौटाना होगा। अब अथॉरिटी जमीन खरीद के काम को तेज करेगी। अथॉरिटी तमाम बड़ी कंपनियों को जमीन देने की तैयारी में है। जमीन खरीदने के बाद स्कीम लॉन्च की जाएगी। सीईओ आरके सिंह ने कहा कि फंड आने से जमीन खरीद में अब और तेजी आएगी।
MDP में 22 प्लॉट की स्कीम लॉन्च
यमुना सिटी के सेक्टर-28 में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क (एमडीपी) में प्लॉट स्कीम निकाली गई है। यमुना अथॉरिटी ने 22 प्लॉट निकाले हैं। इसमें 1 हजार वर्ग मीटर के 11, 2100 वर्ग मीटर के 9 और 5940 वर्ग मीटर के 2 प्लॉट शामिल हैं।
12 जनवरी से आवेदन शुरू होंगे
12 जनवरी से इस स्कीम में आवेदन किया जा सकता है। 11 फरवरी आवेदन करने की अंतिम तिथि है। अब तक मेडिकल डिवाइस पार्क में 101 प्लॉट का आवंटन हो चुका है। 7 से अधिक कंपनियों का निर्माण कार्य जारी है। एक कंपनी में उत्पादन भी शुरू हो गया है।