जेवर एयरपोर्ट के पास बसाए जाएंगे 3 नए सेक्टर

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास तीन नए सेक्टर-5, 8 और 9 को विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए मास्टर प्लान-2041 में शामिल गांवों के किसानों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भीकनपुर, कल्लुपुरा, रन्हेरा, मुढरह आदि गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर जमीन लेने के लिए सूची प्रकाशित की गई है। प्राधिकरण नए सेक्टर विकसित कर आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, औद्योगिक, संस्थागत और व्यावसायिक सहित सभी श्रेणी के प्लॉटों की योजना लाएगा। इससे मकान बनाने और उद्योग लगाने का सपना पूरा हो सकेगा।

यमुना क्षेत्र में 8 व 9 औद्योगिक सेक्टर हैं, जबकि 5 आवासीय सेक्टर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक स्थित इन सेक्टरों में प्राधिकरण जल्द प्लॉटों की योजना शुरू करना चाहता है। इसलिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

अधिकारी के मुताबिक, किसानों की सहमति लेकर जमीन का बैनामा सीधे यमुना प्राधिकरण के नाम पर कराया जाएगा। किसानों को अधिग्रहित जमीन के एवज में 3,808 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा और 7 फीसदी आबादी भूखंड का लाभ दिया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक सेक्टर- 5 के लिए भीकनपुर, कल्लुपूरा, सेक्टर-8 के लिए रन्हेरा, मुढरह, दयोरार, धनसिया और सेक्टर-9 के लिए वीरमपुर गांव के किसानों की जमीन ली जाएगी। इसकी सूची जारी की गई है। वहीं, पूर्व में विकसित सेक्टर-24ए, 32 व 29 में भी शेष जमीन की खरीदारी की जाएगी। इससे विकास परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी। दूसरे प्राधिकरण के पास लैंडबैंक होने से परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटित करने में दिक्कत नहीं होगी।

अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण, “नए सेक्टर-5,8 व 9 को विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभावित गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर जमीन ली जाएगी। इसकी सूचना प्रकाशित की जा चुकी है। इससे आवासीय व औद्योगिक सहित सभी तरह की योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। लोगों को मकान बनाने और उद्योग लगाने का मौका मिलेगा।

Join The Discussion

Compare listings

Compare