दिल्ली से जयपुर-गुरुग्राम-आगरा-मेरठ के बीच कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए नए रास्ते तलाशे गए. इसी तरह दिल्ली से नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस के सफर को और आसान बनाने की दिशा में काम चल रहा है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट को लिंक करने के लिए एक और नया एक्सप्रेसवे नोएडा में बनाया जाएगा. यह एक्सप्रेसवे 30 किलोमीटर लंबा होगा. इस प्रोजेक्ट में क्या खास होगा, आइये जानते हैं.
दिल्ली-नोएडा-ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए एक और एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा. यह एक्सप्रेस नोएडा में बनाया जाएगा. 30 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर यमुना के किनारे बनाया जाएगा. पुश्ता रोड को नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे तक जोड़ा जाएगा. सांसद डॉ. महेश शर्मा ने यह प्रस्तव केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामए रखा था. गडकरी ने प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी है.
गडकरी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि NHAI नोएडा अथॉरिटी और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन की कोई कमी नहीं होगी.
गडकरी ने अपने संबोधन के दौरान कहा, ‘दिल्ली-एनसीआर में 1.2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है. 60 हजार करोड़ रुपये का काम पूरा किया जा चुका है. गौतम बुद्ध नगर सांसद महेश शर्मा के सुझाव पर हम गंभीरता से विचार करेंगे. हमारे पास रोडमैप है. 40-50 हजार करोड़ रुपये हम निवेश कर सकते हैं.
दरअसल, मार्च 2025 में नोएडा अथॉरिटी बोर्ड ने नोएडा एक्सप्रेसवे से ट्रैफिक भार को कम करने के लिए इसके समानांतर एक नया एक्सप्रेसवे बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी. यूपी के चीफ चेक्रेटरी ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल अथॉरिटी को प्रोजेक्ट को अमली जामा पहनाने की जिम्मेदारी दी थी. उन्होंने तीनों अथॉरिटी से लागत शेयर करने को कहा था. हालांकि नोएडा अथॉरिटी चाहती है कि एनएचएआई इस प्रोजेक्ट को बनाए. अब केंद्र सरकार ने भी इसमें रुचि दिखाई है. बस एनएचएआई की औपचारिक मंजूरी का इंतजार है. रिवरसाइड बाइपास का फायदा दिल्ली के रहवासियों को मिलेगा. दिल्ली से आने वाले वाहन नोएडा एक्सप्रेसवे में एंट्री लिए बिना सीधे जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे.