नोएडा में YEIDA की समीक्षा बैठक में 45,148 करोड़ की 280 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिससे 1.32 लाख नौकरियां मिलेंगी. फिल्म सिटी, सेमीकंडक्टर क्लस्टर, मेडिकल डिवाइसेज पार्क और डेटा सेंटर जैसे प्रोजेक्ट तय समय में पूरे होंगे.
शनिवार को नोएडा में उस समय औद्योगिक क्रांति की नींव रखी गई जब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई. इस बैठक की अध्यक्षता खुद उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने की और इसमें नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा और पूरे वेस्ट यूपी की औद्योगिक तस्वीर बदलने वाले फैसले लिए गए.
इस बैठक में सबसे बड़ा फैसला 45,148.41 करोड़ रुपए लागत की 280 औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर आया. इनका लक्ष्य है आने वाले वर्षों में 1.32 लाख से अधिक रोजगार तैयार करना. ये सभी प्रोजेक्ट डीपीआर (Detailed Project Report) के आधार पर ज़मीन आवंटन के साथ तेजी से पूरे किए जाएंगे.
मंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि जिन प्लॉट्स पर निर्माण नहीं हुआ है, वहां तत्काल निर्माण कार्य शुरू हो, ताकि संसाधनों का सही उपयोग हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि सभी औद्योगिक सेक्टरों की डिजिटल मैपिंग और निगरानी प्रणाली लागू की जाए.