ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच यमुना नदी पर बने पुल तक सड़क निर्माण के लिए सरकार ने 65.50 करोड़ रुपये दिए हैं। सड़क बनने से दोनों शहरों के बीच सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी जिससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा। मंझावली पुल के पास 4.99 किमी लंबी सड़क बनेगी जिसके लिए जमीन खरीदी जा रही है। सड़क बनने से अब फरीदाबाद सिर्फ 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच दूरी जल्द कम होगी। दोनों शहरों को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर बने पुल तक सड़क निर्माण के लिए शासन ने 65.50 करोड़ आवंटित कर दिए हैं। लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है।
सड़क बनने के बाद दोनों शहरों के बीच सीधे आवाजाही हो जाएगी। प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को इसका लाभ मिलेगा। दिल्ली या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर जाने से लगने वाले अतिरिक्त समय और ईंधन की बचत होगी। दिल्ली में वाहनों का दबाव कम होगा।
ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद से सीधे जोड़ने के लिए यमुना नदी पर मंझावली गांव के नजदीक 2014 में पुल का शिलान्यास किया गया था।
करीब दस साल के लंबे वक्त में पुल का निर्माण पूरा हुआ, लेकिन गौतमबुद्ध नगर में पुल के लिए संपर्क सड़क का निर्माण न होने से अभी तक लोगों को इसका फायदा नहीं मिल सका है।
गौतमबुद्ध नगर में अट्टा गुजरान से पुल तक 4.99 किमी लंबी सड़क है। इसमें 3.29 किमी सड़क पहले से बनी हुई है, जबकि 1.7 किमी लंबी सड़क का निर्माण होना है। सड़क के लिए चार गांव के 110 किसानों की 6.888 हेक्टेयर जमीन की क्रय प्रक्रिया चल रही है।
प्रशासन 50 प्रतिशत जमीन का बैनामा करा चुका है। सड़क निर्माण के लिए भी शासन ने 65.50 करोड़ जारी कर दिया है। इस राशि से पूर्व में बनी 3.29 किमी लंबी सड़क को चौड़ीकरण कर चार लेन किया जाएगा, इसके साथ ही 1.7 किमी लंबी चार लेन सड़क का निर्माण होगा।
इस सड़क के बनने के बाद दोनों शहरों के बीच सीधे आवाजाही हो जाएगी। हालांकि लोग अभी भी इस रास्ते से होकर गुजरते हैं, लेकिन सड़क न होने के कारण रास्ता बेहद जोखिम भरा है। वर्षा के दौरान हादसे की आशंका और बढ़ गई है।
शासन ने किसानों से सहमति के आधार पर 3720 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से जमीन खरीद के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए थे। यह राशि पचास प्रतिशत जमीन का बैनामा खरीदने में खर्च हो चुकी है। शेष जमीन क्रय के लिए शासन से और रकम मांगी गई है।
ग्रेटर नोएडा से लोग नोएडा, दिल्ली होकर फरीदाबाद पहुंचते हैं। मंझावली पुल तक सड़क का निर्माण होने से यह दूरी महज बीस मिनट में सिमट जाएगी।
ग्रेटर नोएडा से यमुना नदी पर बने पुल से होकर लोग फरीदाबाद पहुंच जाएंगे। इससे नौकरी पेशा, छात्रों के अलावा उन लोगों को फायदा होगा, जिनके रिश्तेदार दोनों शहरों में बसे हैं।