ग्रेटर नोएडा वेस्ट में खुलेगा रजिस्ट्री ऑफिस, यहां देखी जा रही जमीन इन सेक्टरों को होगी सुविधा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को आने वाले समय में फ्लैट और प्लॉट की रजिस्ट्री समेत अन्य कामकाज के लिए करीब 15-20 किलोमीटर दूर दादरी की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उनके घर के पास ही रजिस्ट्री का नया दफ्तर खोलने की तैयारी है। किसान चौक और एक मूर्ति गोलचक्कर के बीच नए दफ्तर के लिए जगह देखी जा रही है। निबंधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने जगह फाइनल कर अगले एक से दो महीने में इसकी शुरुआत कर दी जाएगी।

शासन ने करीब सवा साल पहले जिले में एक नया उपनिबंधक दफ्तर (रजिस्ट्री ऑफिस) खोलने को मंजूरी दे दी थी। शासन ने मंजूरी देने के साथ ही यह तय कर दिया था कि कौन-कौन से सेक्टर और गांव इसके दायरे में आएंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट और दादरी के कुछ क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया था। अब तक नोएडा में तीन दफ्तर के अलावा दादरी, जेवर और सदर में दफ्तर हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दादरी तहसील परिसर में ही नया दफ्तर खोलने पर लंबे समय तक विचार
किया गया। यहां पहले से ही पुराना दफ्तर चल रहा है। लोगों के विरोध और दिक्कतों को देखते हुए अब निबंधन विभाग ने किसान चौक और एक मूर्ति गोलचक्कर के पास ही जगह तलाशनी शुरू कर दी है।

इस बारे में निबंधन विभाग के आईजी अरुण मिश्रा का कहना है कि किसान चौक और एक मूर्ति गोलचक्कर के बीच में जगह देखी गई है। जल्द उसको फाइनल कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन महीने में नया दफ्तर शुरू कर दिया जाएगा।

कई सेक्टर के लोगों को राहत मिलेगी
इस नए दफ्तर के अधीन ग्रेटर नोएडा के सेक्टर एक से चार तक, सेक्टर- 10, 15, 16 – बी, 16-सी, 17 और सेक्टर 20 आएंगे। टेकजोन दो, चार, सात, ईकोटेक 12, 13, 14 व 20 आएंगे। म्यू, म्यू-1 और दो, ज्यू-1 से तीन तक, नॉलेज पार्क-5, स्पोर्ट्स सिटी और स्पोर्ट्स सिटी दो आएंगे।

Join The Discussion

Compare listings

Compare