नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि दिल्ली के IGI एयरपोर्ट (इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे) तक पहुंचने के लिए अब उन्हें ज्यादा मशक्कत नहीं करना होगी और वहां पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा क्योंकि जल्द ही इसके लिए सीधी लग्जरी बस सेवा शुरू होने वाली है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) के अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस बस सेवा के संचालन के लिए उसने फ्लेक्सीबस नाम की कंपनी से करार किया है। और इस बस सेवा के अगले सप्ताह शुरू हो जाने की उम्मीद है।
इसके लिए लगने वाले किराए, स्टॉपेज और समय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बस का किराया 199 रुपए होगा और शुरुआत में बस के लिए छह स्टॉप बनाए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले स्टॉप से आखिरी स्टॉप तक पहुंचने में बस करीब ढाई से तीन घंटे का समय लेगी।
अधिकारी ने बताया कि बुकिंग फ्लेक्सीबस के ऐप या वेबसाइट के अलावा रेडबस, मेकमायट्रिप और पेटीएम के माध्यम से भी कराई जा सकती है। डायल ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले 20 प्रतिशत यात्री यहां तक पहुंचने या यहां से जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा के लिए लग्जरी बस सेवा के शुरू होने के बाद इसमें और वृद्धि होने की उम्मीद है।
बस के स्टॉपेज की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह बस नोएडा सेक्टर 16, बॉटनिकल गार्डन, गोल्फ कोर्स, गौड़ सिटी, जेपी विशटाउन और परी चौक पर रूकेगी। खास बात यह है कि यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध होगी। हवाई अड्डे से ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक के सफर में 130 से 180 मिनट का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि अन्य शहरों से दिल्ली आने वाले हवाई यात्री एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 और 3 के अराइवल फोरकोर्ट पर ऑफलाइन बुकिंग भी करा सकते हैं। बोर्डिंग प्वाइंट सभी टर्मिनलों पर उपलब्ध होंगे।
डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि इस सेवा को शुरू करने का उद्देश्य सार्वजनिक वाहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है ताकि कार्बन उत्सर्जन कम किया जा सके, सड़क पर जाम कम लगे और यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा हो।
उधर इस बस सेवा का संचालन करने वाली कंपनी फ्लेक्सी बस इंडिया के प्रबंध निदेशक सूर्य खुराना ने कहा कि वह यात्रियों को अच्छा यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे। बस में चार्जिंग सुविधा, लगेज के लिए ज्यादा जगह, पीछे की ओर झुक सकने वाली सीट, लाइव ट्रैकिंग और बुकिंग के अच्छे विकल्प होंगे।