नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 30 अक्तूबर यानी शुभारंभ के दिन से ही उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने एक-दो शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करने को लेकर कवायद तेज कर दी है।
यमुना प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर बनकर तैयार है। यहां सभी रडार सिस्टम लग चुके हैं। सुरक्षा मानकों के तहत भी सभी काम पूरे हो चुके हैं, जिसे नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) की मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, टर्मिनल की छत बन गई है, सिर्फ फिनिशिंग का काम चल रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
एयरपोर्ट की यमुना एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी हो चुकी है। बिजली-पानी के पर्याप्त इंतजाम हैं। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान भी एयरपोर्ट पर तैनात हो चुके हैं। ऐसे में यापल शुभारंभ के दिन ही घरेलू, कार्गो और इंटरनेशनल की कम से कम एक फ्लाइट शुरू करने पर विचार कर रहा है, जबकि दिसंबर तक उड़ानों की संख्या और बढ़ा दी जाएगी। विमान सेवा शुरू करने के लिए एयरोड्रम लाइसेंस मिलने का इंतजार है। इसके लिए कंपनी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के साथ समन्वय स्थापित कर सभी दस्तावेज प्रक्रिया पूरी करा चुकी है। अब सिर्फ डीजीसीए से प्रमाणीकरण प्राप्त होने का इंतजार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए चार स्थान चिह्नित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसे देखते हुए अधिकारी तेजी से तैयारी कर रहे। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, डीएम मेधा रूपम, यीडा सीईओ आरके सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को एयरपोर्ट साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर चार स्थान चिह्नित किए गए। इनमें से किसी एक जगह कार्यक्रम होगा। एसपीजी के निरीक्षण समेत अन्य एजेंसियों की जांच रिपोर्ट के बाद ही एक स्थान तय होगा। कार्यक्रम स्थल के चयन, आवाजाही, सुरक्षा, बिजली, पानी समेत अन्य प्रकार की व्यवस्थाओं को लेकर चार्ट बनाया जा रहा।