ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 चौड़ी सड़क पर तिलपता गोलचक्कर से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) के फ्लाईओवर तक सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क दोनों तरफ दो-दो लेन यानी सात मीटर चौड़ी होगी। प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लाइफ लाइन बन चुकी 130 मीटर सड़क के सर्विस मार्ग का काम अभी कई स्थानों पर अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके चलते आवागमन में असुविधा हो रही है। इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव भी सबसे अधिक रहता है।
जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने वाली है। इसके बाद वाहनों की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। इसको देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्विस रोड का निर्माण कार्य पूरा करने की कार्ययोजना बनाई है। इसके तहत तिलपता गोलचक्कर से डीएफसीसीआईएल के कॉरिडोर पर साकीपुर के पास स्थित फ्लाईओवर तक लगभग एक किलोमीटर में सर्विस रोड का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि सर्विस मार्ग के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है। दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ी यानी दो लेन की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर अगले एक से दो माह में काम शुरू करा दिया जाएगा। 130 मीटर सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चारमूर्ति चौक से ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव तक बनी है। इसकी लंबाई लगभग 18 किलोमीटर है। इसके किनारे औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जाने की तैयारी चल रही है।
इन सोसाइटी के लोगों को राहत मिलेगी
सर्विस मार्ग बनने से शिवालिक होम्स, अंसल हाउसिंग, ओएसिस, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, मिग्सन ग्रीन्स आदि सोसाइटियों के अलावा उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के सेक्टर सूरजपुर साइट- सी और बी में पहुंचना आसान हो जाएगा।
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, “ग्रेटर नोएडा में व्यस्त सड़कों को चौड़ा करने के साथ नई सड़कों के निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है। 130 मीटर चौड़ी सड़क पर अलग से बस-वे के निर्माण के साथ सर्विस मार्ग का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे आवागमन सुगम हो जाएगा।”