4.5 किलोमीटर लंबे भंगेल एलिवेटेड रोड के खुलने का नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक के लोगों को इंतजार था. आखिरकार कई सालों बाद ट्रायल के लिए इसे खोल दिया गया है.
नोएडा वालों के लिए आज का दिन किसी त्योहार से कम नहीं हैं. आखिरकार,आगाहपुर पेट्रोल पंप से लेकर NSEZ तक 4.5 किलोमीटर लंबा भंगेल एलिवेटेड रोड ट्रैफिक ट्रायल के लिए खोल दिया गया है. ट्रायल शुरू होते ही लोगों जाम के झाम से राहत मिलने जा रहा है. बता दें, करीब 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया यह प्रोजेक्ट लंबे समय से अटका हुआ था. इसकी वजह से रोजाना लाखों लोगों को डीएससी मार्ग पर भारी जाम झेलना पड़ रहा था.
कछुए मोड पर चला एलिवेटेड का निर्माण
हालात ये थे कि जुलाई 2023 के बाद निर्माण की रफ्तार कछुए मोड में पहुंच गई थी. हर बार तारीख मिलती, पर एलिवेटेड सड़क नहीं. लोगों का सब्र जवाब देने लगा था. गांव व सेक्टर वासियों ने कई बार इस परेशानी को लेकर शासन प्रशासन से मुलाकात की. आखिरकार, नोएडा प्राधिकरण के CEO ने खुद मोर्चा संभाला. उन्होंने निरीक्षण किया और काम को फुल स्पीड पर करने का आदेश दे डाला. नतीजा आज एलिवेटेड रोड जनता के लिए खुल चुका है और ट्रायल के बाद इसे पूरी तरह लोगों को सौंप दिया जाएगा.
12 साल पहले मिला था प्रस्ताव
भंगेल एलिवेटेड रोड को बनाने का प्रस्ताव साल 2013 में मिला था और इसका निर्माण जून, 2020 में शुरू हुआ. 7 साल की यह देरी फंड की कमी सहित तमाम अप्रूवल की वजह से हुई. पहले इसे बनाने की डेडलाइन दिसंबर, 2022 था, जिसे कई बार बढ़ाना पड़ा और आखिरकार 2025 में यह तैयार हो सका. 5 साल में तैयार हुए इस एलिवेटेड रोड की टाइमलाइन को कई बाद बदलना पड़ा. इस सड़क को बनाने वाली कंपनी यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अगस्त में इसका निर्माण कार्य पूरा कर दिया और इसे नोएडा अथॉरिटी को सौंप दिया.
कई बार टला उद्घाटन
निर्माण से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पहले योजना थी कि इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराया जाए. इसके लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान 25 से 29 सितंबर के बीच प्लान बनाया गया था. बाद में इसे बढ़ाकर अक्टूबर के पहले सप्ताह में किया गया, लेकिन यह भी काम नहीं किया. जबसे इसका निर्माण शुरू हुआ है, इसके आसपास रहने वाले दुकानदारों और निवासियों को 5 साल से जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था.
क्यों हो रहा था उद्घाटन का इंतजार
वैसे तो यह एलिवेटेड रोड कुछ महीने पहले ही तैयार हो गया था, लेकिन इसके आधिकारिक उद्घाटन का इंतजार था. भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के नेता चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि हमें इसका इंतजार करते काफी समय हो गया था. लिहाजा अथॉरिटी के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया और बैरिकेटिंग को हटाकर इसे आम आदमी के लिए शुरू कर दिया गया. नोएडा अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम का कहना है कि अब इस एलिवेटेड रोड को मंगलवार को ही आम आदमी के लिए खोल दिया गया है. इसका आधिकारिक उद्घाटन बाद में किया जाएगा.
40 की जगह सिर्फ 5 मिनट लगेंगे
इस एलिवेटेड रोड को नोएडा सेक्टर 51 के पास अलघपुर पंप तक स्ट्रेच किया गया है, जहां से स्पेशल इकनॉमिक जोन तक जाना भी आसान होगा. इस 6 लेन फ्लाईओवर को बनाने में 608 करोड़ रुपये का खर्चा आया है. इसके जरिये नोएडा से दादरी के बीच लगने वाला समय अब काफी कम हो जाएगा. अभी इस दूरी को तय करने में 40 मिनट लगता है, जो बाद में घटकर सिर्फ 5 मिनट रह जाएगा.
कहां-कहां जाम से मिलेगा छुटकारा
इस एलिवेटेड फ्लाईओवर के जरिये नोएडा के कई सेक्टर्स में जाने वालों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा. सबसे पहले तो दादरी-सूरजपुर-छलेरा के बीच आने-जाने वालों को आसानी होगी. इस एलिवेटेड रोड से सलारपुर, छलेरा, बरोला, भंगेल, आघापुर और उसके आसपास के गांवों में आने-जाने वालों को भी फायदा होगा. इसके अलावा नोएडा सेक्टर 40, 41, 43, 47, 48, 82, 88, 101 और 106 से NSEZ, सूरजपुर और दादरी जाने वालों को भी अब जाम में नहीं फंसना पड़ेगा. अथॉरिटी ने इन जगहों से लूप रोड बनाकर इस एलिवेटेड रोड में जोड़ने की भी योजना बनाई है. इसके अलावा सेक्टर 49 से 107 तक और हनुमान स्टेच्यू वाले इलाके में भी आवाजाही अब आसान हो जाएगी. लूप रोड के लिए अथॉरिटी अलग से टेंडर जारी करेगी.