नोएडा वालों के लिए जेवर एयरपोर्ट जाना अब होगा और आसान, 31 करोड़ की लागत से बन रही यह रोड

यह मार्ग सिकंदराबाद में नेशनल हाईवे-91 से जुड़ता है, वहीं दूसरी ओर खेरली से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना और आसान हो जाएगा. मार्ग की चौड़ाई बढ़ाकर 10.5 मीटर किया जाएगा.

ग्रेटर नोएडा में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले शहर में ट्रैफिक सिस्टम को सुगम बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहा तक की सड़क को चौड़ा करने का निर्णय लिया है. 31 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क न केवल स्थानीय आवागमन को बेहतर बनाएगी, बल्कि सिकंदराबाद, बुलंदशहर और दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी.

इस सड़क के दोनों छोर रणनीतिक रूप से बेहद अहम हैं. एक ओर यह मार्ग सिकंदराबाद में नेशनल हाईवे-91 से जुड़ता है, वहीं दूसरी ओर खेरली से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना और आसान हो जाएगा. मौजूदा समय में इस मार्ग की चौड़ाई 7.5 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10.5 मीटर किया जाएगा. प्राधिकरण द्वारा जल्द ही सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए टेंडर जारी किया जाएगा और उम्मीद है कि नए साल से निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा.

क्यों ज़रूरी है चौड़ीकरण ?
यह मार्ग पहले से ही भारी ट्रैफिक दबाव झेल रहा है. बुलंदशहर से परीचौक होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों का बड़ा हिस्सा इसी सड़क से गुजरता है. कासना क्षेत्र में स्थित कंपनियों की अधिक संख्या और लगातार बढ़ती औद्योगिक गतिविधियां अक्सर जाम की स्थिति पैदा कर देती हैं. इन समस्याओं को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण अब अत्यंत आवश्यक हो गया है.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि सीआरआरआई ने सड़क गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट सौंप दी है. चौड़ीकरण के बाद जेवर एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही काफी सहज हो जाएगी. जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
चार लेन सड़क और डिवाइडर की योजना
योजना के अनुसार, मौजूदा दो लेन वाली सड़क को चार लेन तक विस्तारित किया जाएगा. व्यस्त इलाकों में डिवाइडर भी बनाया जाएगा, जिससे सड़क की कुल चौड़ाई लगभग 1.5 मीटर और बढ़ जाएगी. चौड़ी सड़क न केवल ट्रैफिक दबाव कम करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी.

130 मीटर रोड और हाईवे से जुड़ाव
यह सड़क 130 मीटर रोड से जुड़ी है और सूरजपुर, परीचौक व कासना होते हुए खेरली तिराहा तक जाती है. यहां से सिकंदराबाद और आगे नेशनल हाईवे-91 के माध्यम से लखनऊ दिशा में भी वाहन आसानी से जा सकते हैं.

एयरपोर्ट चालू होने के बाद बढ़ेगा ट्रैफिक
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक और तेज़ी से बढ़ेगा. इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने समय रहते सड़क चौड़ीकरण की योजना तैयार की है, ताकि भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

Join The Discussion

Compare listings

Compare