ग्रेटर नोएडा से 20 मिनट में पहुंचेगे फरीदाबाद, मंझावली पुल से जोड़ने वाली सड़क जल्द बनेगी

ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद के मंझावली पुल से जोड़ने वाली 4.99 किलोमीटर
लंबी सड़क के निर्माण का काम इसी महीने शुरू हो जाएगा। यह परियोजना पूरी होने पर दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर केवल 20 मिनट रह जाएगा।

ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद के मंझावली पुल से जोड़ने का काम इसी महीने शुरू हो जाएगा। सड़क निर्माण के लिए कंपनी का चयन किया जा चुका है। अगले 10 दिनों में कार्य शुरू करने की तैयारी है।

अधिकारी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर की सीमा में मंझावली पुल तक 1.7 किलोमीटर की नई सड़क बनाई जानी है। साथ ही, जिले के अंदर ही पांच किलोमीटर सड़क को चौड़ा कर इसे चार लेन का बनाने की योजना है। उत्तर प्रदेश शासन से सड़क निर्माण के लिए 65.50 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, अब पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कंपनी का भी चयन कर लिया है।

हरियाणा की सीमा में मंझावली गांव के सामने यमुना पर ग्रेटर नोएडा जाने के लिए पुल तैयार हो चुका है, लेकिन ग्रेटर नोएडा के अट्टा गुजरान गांव से सड़क का निर्माण कार्य पूरा न होने के चलते यहां सुगम तरीके से यातायात सुचारू नहीं हो पा रहा है। मंझावली पुल को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए कुल 4.99 किलोमीटर की सड़क बननी है। इसमें करीब 1.7 किलोमीटर नई सड़क बनेगी, जो मंझावली पुल से सीधी जुड़ेगी। शेष 3.29 किलोमीटर की सड़क पहले से ही बनी हुई है। हालांकि, पूरी सड़क को चार लेन बनाने के लिए चौड़ीकरण किया जाना है। सड़क के लिए चार गांवों की कुल 6.888 हेक्टेयर जमीन की खरीद जारी है। यह जमीन 25 करोड़ रुपये में 110 किसानों से खरीदी जाएगी।

एक दशक से परियोजना अटकी
वर्ष 2014 में मंझावली पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन ग्रेटर नोएडा में भूमि विवाद के कारण यह मार्ग पिछले 11 वर्षों से अटका पड़ा है। लंबे समय से सड़क नहीं बनने से लोग परेशान हैं। फरीदाबाद जल्दी पहुंचने के लिए लोग कच्ची सड़क से ही गुजरकर पुल पर वाहनों से जा रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। बारिश में कच्ची सड़क से वाहनों के फिसलने का डर बना रहता है।

दिल्ली का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा
अभी फरीदाबाद के लिए ग्रेटर नोएडा से कोई सीधा रास्ता नहीं है। लोग दिल्ली और नोएडा होकर फरीदाबाद पहुंचते हैं। मंझावली पुल तक सड़क बनने के बाद लोग 20 मिनट में ही ग्रेटर नोएडा से सीधे फरीदाबाद पहुंच सकेंगे। इसका सबसे अधिक फायदा फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में नौकरी के लिए आने-जाने वाले लोगों को होगा।

Join The Discussion

Compare listings

Compare