नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ा अपडेट! पीएम मोदी की जनसभा के लिए सजने लगे पंडाल; जानें कब होगा उद्घाटन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है। जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट न सिर्फ उत्तर भारत का सबसे बड़ा एविएशन हब बनने जा रहा है, बल्कि इसके शुभारंभ को पीएम नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक जनसभा से जोड़कर देखा जा रहा है।

देश के सबसे बड़े और आधुनिक हवाई अड्डों में शुमार होने जा रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन की दहलीज पर है। जेवर में बन रहा यह मेगा एयरपोर्ट न सिर्फ उत्तर भारत की कनेक्टिविटी बदलने वाला है, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास यात्रा का एक नया अध्याय भी लिखने जा रहा है। इसी बीच एयरपोर्ट के शुभारंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा के लिए मैदान सजने लगा है और पंडाल लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। माना जा रहा है कि यही जनसभा भाजपा के मिशन 2027 का बड़ा लॉन्च इवेंट साबित हो सकती है।

खुलने को बेकरार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है। 1334 हेक्टेयर में फैले इस चरण में रनवे, टैक्सीवे, अत्याधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग, पार्किंग एरिया और यात्रियों के लिए कई सुविधाओं का निर्माण हो चुका है। अब बस उद्घाटन की तारीख तय होना बाकी है। सरकारी सूत्रों की मानें तो 9 से 15 दिसंबर के बीच किसी भी दिन पीएम मोदी के कार्यक्रम को हरी झंडी मिल सकती है और 15 दिसंबर से पहले एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन होने की पूरी संभावना है।

पीएम की जनसभा के लिए तैयार हो रहा विशाल मैदान
शुभारंभ के अवसर पर एयरपोर्ट परिसर के पास एक विशाल खुले मैदान में पीएम की जनसभा आयोजित की जाएगी। यहां पर पंडाल तैयार होने लगे हैं और चार बड़े प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए थे। भाजपा इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी जनसभा बनाने की तैयारी में जुटी है। दावा है कि लाखों की संख्या में लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

पांच हेलीपैड बनाने का काम शुरू
प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए एयरपोर्ट के एप्रेन क्षेत्र में पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इनमें से तीन हेलीपैड पीएम नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर के लिए, एक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए और एक राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लिए तैयार किया जा रहा है। हेलीपैड का निर्माण तेजी से जारी है ताकि वीवीआईपी मूवमेंट में कोई रुकावट न आए।

जनसंपर्क अभियान तेज
जेवर के भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि पश्चिमी यूपी की यह जनसभा अब तक की सबसे विशाल भीड़ जुटाए।

Join The Discussion

Compare listings

Compare