हरियाणा के मंझावली और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल मार्ग के निर्माण से एनसीआर को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. इस पुल से हरियाणा और उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, वहीं जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को सीधा लाभ मिलेगा.
हरियाणा के मंझावली और जनपद गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल मार्ग के निर्माण से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति मिलने जा रही है. यह पुल न सिर्फ दोनों राज्यों को भौगोलिक रूप से जोड़ेगा, बल्कि आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास के नए रास्ते भी खोलेगा. इस मार्ग के बनने से एनसीआर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी. खास तौर पर जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को इस पुल से सीधा लाभ मिलेगा, जिससे यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ी राहत मिलेगी.
66करोड़ 50 लाख रुपए की आएगी लागत
आज वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंझावली से ग्रेनो ही नहीं जनपद गौतमबुद्ध नगर की करीब 25 लाख आबादी जोड़ने वाले इस पुल मार्ग का भूमि पूजन किया गया. इस अवसर पर हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, गौतमबुद्धनगर लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर, भाजपा गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गांव के मुखिया मौजूद रहे. भूमि पूजन कार्यक्रम में हवन के माध्यम से सभी ने आहुति दी. इस पुल के निर्माण पर लगभग 66 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के नाम से जाना जाएगा.
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में होगा मील का पत्थर साबित
इस कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश के दर्जनों गांवों के सरपंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया. ग्रामीणों ने इस पुल को क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि इससे रोजमर्रा के सफर में समय और खर्च दोनों की बचत होगी. किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने से जीवन आसान होगा. ग्रामीणों का मानना है, कि यह पुल शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच को भी सरल बनाएगा और सीमावर्ती इलाकों का तेजी से विकास होगा.
गौतमबुद्ध नगर और फरीदाबाद को मिलेगी नई दिशा
इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने इसे एनसीआर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जबकि राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर ने कहा कि यह पुल दोनों राज्यों के बीच विकास की सेतु बनेगा. हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर ने इसे समन्वित विकास का प्रतीक बताया. मुख्य अतिथि कांता कर्दम ने कहा कि यह पुल विकास, विश्वास और सुशासन का प्रतीक बनेगा और आने वाले वर्षों में क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा देगा.
कई दशक पहले देखा गया था इस पुल का सपना
वही जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मंझावल गौतमबुद्ध नगर के बीच ये पुल का सपना कई दशक पहले देखा गया था, जिसे आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर इस पुल का शुभारंभ होना गर्व की बात है. अटल जी ने देश को मजबूत आधारभूत ढांचा दिया और यह परियोजना उनके विकासवादी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है.
संबंधित खबरें