ग्रेटर नोएडा वेस्ट से लालकुआं तक सफर बनेगा सुहाना, GT रोड को जोड़ने वाली सड़क होगी चौड़ी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद के लालकुआं जीटी रोड-91 से सीधे जोड़ने वाली मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। यह सड़क दो लेन की हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार कर रहा है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को गाजियाबाद के लालकुआं जीटी रोड-91 से सीधे जोड़ने वाली मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। यह सड़क दो लेन की हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार कर रहा है। सैद्धांतिक और प्रशासनिक मंजूरी लेकर इसका टेंडर जारी किया जाएगा।

वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि दो लेन की सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 से शुरू होकर क्षेत्र के चिपियाना गांव के बराबर से होते हुए लालकुंआ के पास जीटी रोड से जाकर जुड़ेगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा वर्षों पहले बनाई गई यह सड़क अभी एक लेन की है। बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए प्राधिकरण ने इस सड़क को चौड़ा करने का निर्णय लिया है। यहां डिवाइडर भी बनाया जाएगा।

वहीं, चिपियाना के पास आरओबी का काम चल रहा है। इससे लोगों को और अधिक आसानी हो जाएगी। इसका फायदा गाजियाबाद की तरफ जाने वाले लोगों के साथ आसपास के गांवों को भी होगा।

प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से वाहन चालकों को शाहबेरी और विजयनगर के रास्ते पर लगने वाले जाम में फंसने से छुटकारा मिल जाएगा। लोग नई सड़क का इस्तेमाल कर सकेंगे।

शाहबेरी में एलिवेटेड रोड बनेगी : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटेहड़ा गोलचक्कर से शाहबेरी के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को जोड़ने के लिए एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए सलाहकार एजेंसी का चयन किया जाएगा। यह प्रक्रिया चल रही है। लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड चार लेन का होगा।

विशेषज्ञों से अध्ययन कराया जाएगा
नोएडा एयरपोर्ट चालू होने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए नए संपर्क मार्ग बनाए जाएंगे। इसमें स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। अध्ययन कराकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। फ्लाईओवर, संपर्क मार्ग, एलिवेटेड रोड आदि की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। कौन सी सड़क को किस प्रमुख सड़क या एक्सप्रेसवे से जोड़ने पर एयरपोर्ट के लिए आवाजाही आसान हो जाएगी। इसका विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा।

सेक्टर-16 से चिपियाना होते हुए लालकुआं के पास जीटी रोड को जोड़ने वाली सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द काम शुरू किया जाएगा। एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

Join The Discussion

Compare listings

Compare