नए साल की शुरुआत के साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास के एक नए दौर में प्रवेश करने जा रहे हैं. इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसपोर्ट, खेल, पार्किंग और एंटरटेनमेंट से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाली हैं.
गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी में इसके उद्घाटन के संकेत दे दिए हैं. 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट शुरुआत में दो रनवे के साथ चालू होगा और भविष्य में इसे छह रनवे तक विस्तारित किया जाएगा. पूरी तरह तैयार होने पर यह एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शुमार होगा.
गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनवरी में इसके उद्घाटन के संकेत दे दिए हैं. 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट शुरुआत में दो रनवे के साथ चालू होगा और भविष्य में इसे छह रनवे तक विस्तारित किया जाएगा. पूरी तरह तैयार होने पर यह एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शुमार होगा.
नोएडा प्राधिकरण ने ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए कई अहम प्रोजेक्ट्स पर काम तेज कर दिया है. सेक्टर-146 के रास्ते नोएडा से ग्रेटर नोएडा की नई कनेक्टिविटी अप्रैल-मई तक शुरू होने की उम्मीद है. सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन को जोड़ने वाला स्काईवॉक फरवरी 2026 तक तैयार होगा, जिसमें एयरपोर्ट जैसे ट्रेवलेटर लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो नए अंडरपास बनने से आवाजाही और आसान होगी.
सेक्टर-63 में नोएडा की पहली पजल पार्किंग शुरू होने जा रही है, जहां कम जगह में ज्यादा वाहन पार्क किए जा सकेंगे. इसके बाद सेक्टर-15 और सेक्टर-126 में भी ऐसी पार्किंग विकसित की जाएगी.
सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक जनवरी के अंत तक शुरू हो जाएगा. वहीं, शहर में डियर पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां लोग हिरणों को प्राकृतिक माहौल में देख सकेंगे.
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे सेक्टर-21 में बन रही ग्रेटर नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी पर भी काम रफ्तार पकड़ चुका है. 1000 एकड़ में विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में करीब 230 एकड़ क्षेत्र में निर्माण हो रहा है. यहां फिल्म शूटिंग के साथ-साथ फिल्म यूनिवर्सिटी, ट्रेनिंग सेंटर और आधुनिक स्टूडियो विकसित किए जाएंगे. पहले चरण में करीब 900 से 1510 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इसे 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है. फिल्म सिटी को सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा..
जेवर एयरपोर्ट, नई सड़कें, मेट्रो कनेक्टिविटी, आधुनिक पार्किंग, खेल सुविधाएं और फिल्म सिटी- ये सभी परियोजनाएं मिलकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा को देश के सबसे आधुनिक शहरी क्षेत्रों में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी. नया साल इस क्षेत्र के लिए विकास और अवसरों की नई उड़ान लेकर आ रहा है.
लेख में दी गई ये जानकारी सामान्य स्रोतों से इकट्ठा की गई है. इसकी प्रामाणिकता की जिम्मेदारी हमारी नहीं है. एआई के काल्पनिक चित्रण का जी यूपीयूके हूबहू समान होने का दावा या पुष्टि नहीं करता.