कासना टू सिरसा गोलचक्कर तक 8 लेन का होगा रोड, KGP का सफर बनेगा आसान

ग्रेटर नोएडा में कासना से सिरसा गोलचक्कर होकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) के इंटरचेंज तक आवागमन अब और आसान हो जाएगी। प्राधिकरण ने कासना से सिरसा तक सड़क को चौड़ा करने और सिरसा से इंटरचेंज तक मरम्मत कराने का निर्णय लिया है।

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक कासना से सिरसा गोलचक्कर तक सड़क चौड़ी करने का काम मार्च में शुरू हो जाएगा। इसे 8 लेन का किया जा रहा है। कासना से सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे एंट्री पॉइंट तक हर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान जल्द शुरू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ जाएगा। इसको देखते हुए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने दोनों सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

दो माह में काम शुरू होने की उम्मीद
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने कासना से सिरसा तक सड़क को चौड़ा करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले दो माह में कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस मार्ग की लंबाई 2 किलोमीटर है। वर्तमान में यह तीन-तीन लेन की है। इसे चार-चार लेन किया जाएगा। विकास कार्य पर लगभग 9.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मरम्मत का कार्य मिलिंग पद्धति से होगा
प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के सिरसा स्थित इंटरचेंज तक सड़क की मरम्मत का कार्य मिलिंग पद्धति से किया जाएगा। इस पद्धति से सड़क का निर्माण होने से सड़क की ऊंचाई नहीं बढ़ती। साथ ही, रि-साइकिल मैटेरियल का इस्तेमाल होने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और लागत भी कम आती है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह काम छह माह में पूरा किया जाएगा। इंटरचेंज के पास सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। लोगों को परेशानी होती है।

सुमित यादव, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण, “शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। इस कारण सड़कों को चौड़ा करने की योजना है। कासना से सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज तक की सड़क का काम तय अवधि में पूरा कराया जाएगा।”

Join The Discussion

Compare listings

Compare