अल्फा, बीटा और गामा सेक्टरों में मकानों की कीमतें आसमान पर, परी चौक बना ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा के परी चौक और आसपास के सेक्टरों में प्रॉपर्टी बाजार तेजी से उछाल पर है. बेहतर कनेक्टिविटी, मेट्रो विस्तार और आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इलाके की अहमियत बढ़ा दी है. इंडिपेंडेंट मकानों से लेकर फ्लैट और स्टूडियो अपार्टमेंट तक की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है.

उत्तर प्रदेश का ग्रेटर नोएडा सबसे तेजी से विकसित होते शहरों में शामिल हो चुका है. बेहतर प्लानिंग, चौड़ी सड़कें और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ने इसे वेल प्लान्ड सिटी की पहचान दिलाई है. परी चौक और आसपास के अल्फा, बीटा और गामा सेक्टरों में इन दिनों प्रॉपर्टी बाजार जबरदस्त उछाल पर है. निवेशक और घर खरीदार बड़ी संख्या में रुचि दिखा रहे हैं.

प्राइम लोकेशन से बढ़ी मांग
परी चौक ग्रेटर नोएडा का प्रमुख जंक्शन माना जाता है. यहां से नोएडा, दिल्ली और यमुना एक्सप्रेसवे की सीधी कनेक्टिविटी मिलती है. मेट्रो विस्तार और आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस क्षेत्र की अहमियत को और बढ़ा दिया है. बेहतर कनेक्टिविटी के चलते नौकरीपेशा लोग, कारोबारी और निवेशक यहां संपत्ति खरीदने के लिए आगे आ रहे हैं.

इंडिपेंडेंट मकानों की कीमतों में उछाल
स्थानीय प्रॉपर्टी कारोबारियों के अनुसार, अल्फा, बीटा और गामा सेक्टरों में 60 वर्ग मीटर के इंडिपेंडेंट मकानों की कीमतें 1.25 करोड़ से 1.60 करोड़ रुपये के बीच पहुंच चुकी हैं. छोटे आकार के मकानों की मांग सबसे ज्यादा है, क्योंकि यह मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के बजट में फिट बैठते हैं. विशेषज्ञों का अनुमान है कि भविष्य में इनकी कीमतों में और तेजी आ सकती है.

फ्लैट बाजार भी गर्म
इंडिपेंडेंट मकानों के साथ-साथ फ्लैटों की कीमतों में भी तेजी दर्ज की जा रही है. 850 वर्ग फुट का फ्लैट लगभग 80 लाख रुपये में बिक रहा है. 1100 वर्ग फुट का फ्लैट करीब 90 लाख रुपये, 1600 वर्ग फुट का फ्लैट 1.25 करोड़ रुपये और 2000 वर्ग फुट का फ्लैट लगभग 2 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. आधुनिक सुविधाओं से लैस सोसाइटियों में खरीदारों की रुचि लगातार बढ़ रही है.

आधुनिक सुविधाएं बना रहीं क्षेत्र को आकर्षक
इन रिहायशी सोसाइटियों में गेटेड सिक्योरिटी, पार्किंग, लिफ्ट, पार्क, क्लब हाउस, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. परिवारों के लिए यह क्षेत्र सुरक्षित और सुविधाजनक माना जा रहा है. यही कारण है कि रहने और निवेश दोनों दृष्टि से यह इलाका लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है.

स्टूडियो अपार्टमेंट की बढ़ती लोकप्रियता
आईटी कंपनियों, कॉर्पोरेट ऑफिस और शिक्षण संस्थानों की मौजूदगी के कारण स्टूडियो अपार्टमेंट की मांग तेजी से बढ़ी है. 600 वर्ग फुट का स्टूडियो अपार्टमेंट लगभग 60 लाख रुपये में बिक रहा है. युवा प्रोफेशनल्स और सिंगल वर्किंग लोगों के लिए यह किफायती और सुविधाजनक विकल्प बनता जा रहा है.

इंडस्ट्रियल हब से मिल रही मजबूती
ग्रेटर नोएडा की ताकत उसका औद्योगिक ढांचा है. Eco Tech 1 से Eco Tech 12 तक फैले इंडस्ट्रियल सेक्टर में देश-विदेश की कई कंपनियां संचालित हैं. आईटी पार्क और कॉर्पोरेट ऑफिस की मौजूदगी ने इसे रोजगार का बड़ा केंद्र बना दिया है. रोजगार के अवसर बढ़ने से आवास की मांग भी लगातार बढ़ रही है, जिससे रियल एस्टेट बाजार में स्थायी तेजी बनी हुई है.

लॉन्ग टर्म निवेश का मजबूत विकल्प
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार और यमुना एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स आने वाले वर्षों में ग्रेटर नोएडा की प्रॉपर्टी वैल्यू को कई गुना बढ़ा सकते हैं. बेहतर कनेक्टिविटी और विकास परियोजनाओं के चलते यह क्षेत्र लॉन्ग टर्म निवेश के लिए मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है.

Join The Discussion

Compare listings

Compare