ग्रेटर नोएडा के इटेड़ा गोलचक्कर को शाहबेरी के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-24 से जोड़ने के लिए एलिवेटेड रोड बनाने की योजना जल्द रफ्तार पकड़ेगी। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस कार्य में पांच सलाहकार फर्मों रुचि दिखाई है। डीपीआर बनने के बाद विकासकर्ता एजेंसी के चयन के लिए निविदा जारी की जाएगी। अगले साल काम शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक यह एलिवेटेड रोड 2.5 किलोमीटर लंबा और चार लेन का होगा। यह इटेड़ा गोलचक्कर से शाहबेरी के रास्ते क्रॉसिंग रिपब्लिक के पास एनएच-24 से जुड़ेगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 250 करोड़ रुपये है। अधिकारी के मुताबिक परियोजना की डीपीआर तैयार करने के लिए पांच सलाहकार फर्में आगे आई हैं। प्रस्तुतिकरण के आधार पर एक विशेषज्ञ फर्म का चयन किया जाएगा, जो विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगी। अगले कुछ दिनों में फर्म का चयन कर लिया जाएगा। डीपीआर में भू-तकनीकी सर्वेक्षण, विस्तृत अभियांत्रिकी डिजाइन, लागत अनुमान, पर्यावरण और सामाजिक प्रभाव आकलन और यातायात प्रबंधन योजना आदि बिंदु शामिल होंगे। इसके बाद विकासकर्ता कंपनी के चयन के लिए निविदा जारी की जाएगी। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) से इसकी जांच कराई जा चुकी है।
यातायात व्यवस्था सुधरेगी
एलिवेटेड रोड के बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में ट्रैफिक की स्थिति में सुधार होगा और जाम की समस्या कम होगी। इसके अलावा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में वृद्धि होगी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक पहुंच आसान होगी।